home page

देर रात भोपाल पहुंचे अमित शाह, मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया स्वागत

 | 
देर रात भोपाल पहुंचे अमित शाह, मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया स्वागत


भोपाल, 03 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे भोपाल पहुंचे। दिल्ली में व्यस्तता के चलते उनके भोपाल रवाना होने में करीब ढाई घंटे की देरी हुई, जिसके कारण राजधानी में उनके स्वागत का निर्धारित कार्यक्रम भी बदलना पड़ा। शाह के आगमन पर स्टेट हैंगर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

गृह मंत्री के निर्धारित समय से देर से भोपाल पहुंचने के कारण स्टेट हैंगर पर पहले से पहुंचे मंत्रियों और विधायकों को वापस लौटना पड़ा। बाद में शाह के वास्तविक आगमन के समय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार और भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

अमित शाह के भोपाल पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर उनके आगमन की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने लिखा कि गृह मंत्री अमित शाह के रात्रि में भोपाल आगमन पर उनका आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शाह के प्रवास से प्रदेश के विकास को नई ऊर्जा मिलेगी और सभी को उनका मार्गदर्शन प्राप्त होगा। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी एक्स के माध्यम से शाह का स्वागत किया और उनके भोपाल आगमन को लेकर संदेश साझा किया।

शनिवार काे उनके भोपाल प्रवास का प्रमुख कार्यक्रम गोपालक सम्मेलन है। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से 35 हजार से अधिक गोपालकों और दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े सदस्यों के शामिल होने की तैयारी है। भोपाल के अलावा सीहोर, बैतूल, राजगढ़, हरदा, गुना, अशोकनगर, शाजापुर, विदिशा, रायसेन और नर्मदापुरम सहित कई जिलों से प्रतिभागियों के पहुंचने की जानकारी है।

सम्मेलन में कृषक कल्याण वर्ष के तहत प्रदेश में किए गए कार्यों और बलराम कृषि महोत्सव से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री को दी जाएगी। गृह, पशुपालन एवं डेयरी, सहकारिता, लोक निर्माण और परिवहन विभाग की ओर से विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों का प्रस्तुतीकरण भी किया जाएगा।

कार्यक्रम में भोपाल और इंदौर दुग्ध संघों से जुड़े पशुपालकों को बोनस वितरण प्रस्तावित है। इसके साथ गौशालाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। गोपालक दीदियों का सम्मान तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्रों का वितरण भी किया जाएगा। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन और डेयरी प्रसंस्करण से संबंधित परियोजनाओं की जानकारी भी शाह के समक्ष रखी जाएगी। इनमें उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा डेयरी प्लांट तथा भोपाल में फर्मेंटेड एवं फॉर्म्युलेटेड मिल्क प्रोडक्ट से संबंधित सुविधा प्रमुख हैं।

उल्लेखनीय है कि, भोपाल दुग्ध संघ परिसर में तैयार फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट पर 16.80 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस सुविधा के माध्यम से दही, छाछ, लस्सी, श्रीखंड और मावा जैसे मूल्यवर्धित दुग्ध उत्पादों की प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने की योजना है।

अमित शाह शनिवार को भोपाल में केंद्रीय गृह मंत्रालय के मार्गदर्शन में आयोजित पांच दिवसीय भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। नवीन न्याय संहिताओं के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित यह प्रदर्शनी 3 से 7 अक्टूबर तक बीएचईएल दशहरा मैदान, गोविंदपुरा में होगी। पुलिस मुख्यालय के अनुसार प्रदर्शनी में नवीन न्याय संहिताओं के अनुरूप अपराध नियंत्रण, अन्वेषण और वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन की पूरी प्रक्रिया को सरल, सहज और सजीव रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। घटना घटित होने से लेकर साक्ष्य संकलन, वैज्ञानिक परीक्षण, अपराधियों की पहचान और न्यायिक प्रक्रिया तक की कार्रवाई को क्रमबद्ध तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा।

प्रदर्शनी में डायल-112 अथवा ई-एफआईआर के माध्यम से घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और घटनास्थल पर पहुंचने की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन होगा। आवश्यकता के अनुसार फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों द्वारा की जाने वाली कार्रवाई भी दिखाई जाएगी। घटनास्थल से तकनीकी एवं वैज्ञानिक विधियों से साक्ष्य और नमूने एकत्र करने, उन्हें सुरक्षित रखने तथा उनके परीक्षण की प्रक्रिया को भी प्रदर्शित किया जाएगा। संकलित साक्ष्यों के तकनीकी परीक्षण, पुलिस प्रणालियों के माध्यम से उपलब्ध चिन्हों के मिलान तथा साक्ष्यों को फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) और आवश्यकतानुसार मेडिको-लीगल जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया को भी दर्शाया जाएगा।

प्रदर्शनी में क्राइम सीन के 3डी मॉडल, डिजिटल डिस्प्ले, वीडियो और लाइव डेमो के माध्यम से आधुनिक एवं वैज्ञानिक अन्वेषण प्रणाली को समझाया जाएगा। क्राइम सीन पर साक्ष्य संकलन और वैज्ञानिक जांच का सजीव प्रदर्शन प्रमुख आकर्षण रहेगा।

साइबर अपराधों से बचाव के लिए 'सेफ क्लिक अभियान' और ऑनलाइन ई-जीरो एफआईआर की जानकारी नागरिकों को दी जाएगी। ऑपरेशन मुस्कान, महिला हेल्प डेस्क और 'से नो टू ड्रग्स' जैसे जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से पुलिस की नागरिक-केंद्रित भूमिका भी प्रदर्शित की जाएगी। नागरिकों और विद्यार्थियों के लिए नवीन न्याय संहिताओं पर आधारित लाइव डिजिटल क्विज का आयोजन भी होगा।

प्रदर्शनी में मध्य प्रदेश पुलिस की विभिन्न उपलब्धियों को भी सामने रखा जाएगा। साइबर अपराधों की रोकथाम एवं उनके खुलासे के लिए चलाए गए 'सेफ क्लिक' अभियान, सीसीटीएनएस के माध्यम से तकनीकी नवाचार और नेटवर्क के क्रियान्वयन तथा नारकोटिक्स से जुड़े 'नशे से दूरी है जरूरी' अभियान की प्रमुख उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

प्रदर्शनी का उद्देश्य नागरिकों को नवीन न्याय संहिताओं में हुए महत्वपूर्ण बदलावों, अपराधों की जांच में तकनीक एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के बढ़ते उपयोग और अपराध नियंत्रण की आधुनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराना है। पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया से लेकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने, उनके परीक्षण और न्यायिक प्रक्रिया तक की पूरी व्यवस्था को सरल एवं सहज तरीके से समझाने का प्रयास किया जाएगा। मध्य प्रदेश पुलिस ने नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं से प्रदर्शनी में सहभागिता कर आधुनिक एवं वैज्ञानिक अन्वेषण प्रणाली तथा नवीन न्याय संहिताओं को समझने का आग्रह किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी