home page

मप्र : शिप्रा के रामघाट पर जले आशीर्वाद के दीये, उज्जैन से नितिन नवीन ने दिया सेवा संकल्प का संदेश

 | 
मप्र : शिप्रा के रामघाट पर जले आशीर्वाद के दीये, उज्जैन से नितिन नवीन ने दिया सेवा संकल्प का संदेश


मप्र : शिप्रा के रामघाट पर जले आशीर्वाद के दीये, उज्जैन से नितिन नवीन ने दिया सेवा संकल्प का संदेश


मप्र : शिप्रा के रामघाट पर जले आशीर्वाद के दीये, उज्जैन से नितिन नवीन ने दिया सेवा संकल्प का संदेश


मप्र : शिप्रा के रामघाट पर जले आशीर्वाद के दीये, उज्जैन से नितिन नवीन ने दिया सेवा संकल्प का संदेश


इंदौर/उज्जैन/भोपाल, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा के राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत मध्यप्रदेश में गुरुवार को विभिन्न कार्यक्रमों के साथ हुई।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उज्जैन में मोक्षदायिनी मां शिप्रा के रामघाट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया। रामघाट, नृसिंह घाट, महाकाल लोक और कार्तिक मेला मैदान क्षेत्र में बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से शिप्रा के घाट जगमगा उठे। कार्तिक मेला मैदान के पास दीपों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल आकृति भी बनाई गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक आशीष ऊषा अग्रवाल सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

‘दीया स्नेह और शुभकामनाओं की अभिव्यक्ति’

रामघाट पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति देशवासियों के स्नेह, शुभकामनाओं और आशीर्वाद की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के संकल्प को केंद्र में रखते हुए सेवा संकल्प अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए देशभर में सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम किए जा रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना करते हुए कहा कि सेवा और जनभागीदारी को आगे बढ़ाना अभियान की भावना है।

विपक्ष की आपत्ति पर भाजपा अध्यक्ष ने रखा पक्ष

नितिन नवीन ने सेवा दिवस और ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को लेकर विपक्ष की आपत्तियों पर भाजपा का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सेवा का अर्थ समाज को जोड़ना और जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और कोरोना काल के दौरान किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री के नेतृत्व की प्रशंसा की। उन्होंने प्रधानमंत्री जनधन योजना, आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और स्वच्छता सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से गरीब और वंचित वर्गों तक सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

‘अंत्योदय और राष्ट्र प्रथम’ को बताया सेवा का आधार

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में अंत्योदय, राष्ट्र प्रथम और विरासत के साथ विकास जैसे सूत्र दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि विकास के साथ देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण पर भी ध्यान दिया जा रहा है। अयोध्या में राम मंदिर और उज्जैन में महाकाल क्षेत्र के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे विरासत के साथ विकास से जोड़ा।

इंदौर में स्वामित्व योजना का राज्यव्यापी अभियान शुरू

उज्जैन पहुंचने से पहले नितिन नवीन ने इंदौर में स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना के राज्यव्यापी अभियान का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश में स्वामित्व योजना के तहत तैयार किए गए अधिकार अभिलेखों में से करीब 50 लाख ग्रामीण निजी संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। पात्र हितग्राहियों से स्टाम्प ड्यूटी और पंजीयन शुल्क नहीं लिया जाएगा तथा इसका खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।

मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में करीब 68 लाख अधिकार अभिलेख तैयार किए जा चुके हैं। इनमें करीब 50 लाख निजी संपत्तियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पंजीकृत दस्तावेज मिलने से ग्रामीण परिवारों को अपनी संपत्ति का वैधानिक अधिकार मिलेगा और वे पात्रता के अनुसार संपत्ति से जुड़ी आर्थिक गतिविधियों तथा ऋण जैसी सुविधाओं का उपयोग कर सकेंगे।

‘ग्रामीण परिवारों को मिलेगा संपत्ति का अधिकार’

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति के दस्तावेज उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण परिवारों के संपत्ति संबंधी अधिकारों को औपचारिक रूप देने में मदद मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान सेवा और सुशासन की भावना को आगे बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने स्वामित्व योजना के तहत नि:शुल्क रजिस्ट्री को ग्रामीण परिवारों के अधिकार और सुरक्षित भविष्य से जोड़ते हुए सरकार की पहल बताई।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान सेवा, सुशासन, जनकल्याण और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।

इंदौर से उज्जैन तक हुआ स्वागत

मध्यप्रदेश पहुंचने पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का इंदौर में पार्टी कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने स्वागत किया। इसके बाद उज्जैन पहुंचने पर हैलीपैड से रामघाट तक रोड शो हुआ। विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उनका स्वागत किया। रामघाट पहुंचने के बाद उन्होंने ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया।

कार्यक्रमों में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, कविता पाटीदार, शंकर लालवानी, विधायक उषा ठाकुर, मालिनी गौड़, मधु वर्मा, मनोज पटेल, रमेश मेंदोला, राकेश शुक्ला सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे