home page

ग्लोबल साउथ के 43 राजनयिक उज्जैन पहुंचे, बाबा महाकाल के दर्शन किए

 | 
ग्लोबल साउथ के 43 राजनयिक उज्जैन पहुंचे, बाबा महाकाल के दर्शन किए


भोपाल, 22 फरवरी (हि.स.)। ग्लोबल साउथ यंग डिप्लोमेट्स फोरम का 43 सदस्यीय अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल रविवार शाम को उज्जैन पहुंचा। इस दल ने उज्जैन में विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन किए।

दरअसल, विदेश मंत्रालय के अधीन सुषमा स्वराज विदेश सेवा संस्थान द्वारा आयोजित दौरा कार्यक्रम के तहत ग्लोबल साउथ यंग डिप्लोमेट्स फोरम का दल उज्जैन पहुंचा था। दल में शामिल ग्लोबल साउथ के 43 राजनयिक रविवार शाम उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर में पहुंचने पर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से इंजीनियर शिवाकांत पांडे ने अतिथियों का पुष्पमालाओं और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविख्यात ज्योतिर्लिंग भगवान महाकल के दर्शन किए। इस दौरान मंदिर प्रबंध समिति द्वारा प्रतिनिधिमंडल को मंदिर की प्राचीनता, धार्मिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक महत्ता से अवगत कराया। अतिथियों को बताया गया कि उज्जैन स्थित यह ज्योतिर्लिंग देश-विदेश में आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्हें मंदिर प्रबंध समिति द्वारा संचालित सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी दी गई।

इस दौरान विदेश राजनियकों ने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि उन्हें भगवान शिव के बारे में बहुत कुछ जानने को मिला और यह एक अच्छा अनुभव रहा। उन्होंने भारत सरकार को धन्यवाद देते हुए यहां की कलाकृतियों की भी प्रशंसा की।

अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने मंदिर की भव्यता और आध्यात्मिक वातावरण की सराहना करते हुए इसे भारतीय सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक बताया। इस दौरे को सांस्कृतिक आदान-प्रदान और भारत की आध्यात्मिक धरोहर को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर