home page

उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच सड़क चौड़ीकरण में 150 साल पुराना मंदिर क्षतिग्रस्त

 | 
उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच सड़क चौड़ीकरण में 150 साल पुराना मंदिर क्षतिग्रस्त


- भैरू महाराज मंदिर का हिस्सा टूटा, रहवासियों में नाराजगी

उज्जैन, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान गुरुवार देर शाम सराफा चौराहा स्थित 150 वर्ष पुराना भैरू महाराज मंदिर क्षतिग्रस्त हो गया। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है।

दरअसल, गुरुवार की रात कंठाल से सती गेट तक सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा था, तभी पोकलेन मशीन की चपेट में आने से भैररु महाराज मंदिर का गुम्बद, दीवार और ऊपरी हिस्सा टूट गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय व्यापारी और क्षेत्रवासी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने इस घटना को नगर निगम की लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और पोकलेन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

स्थानीय लोगों ने बताया कि भैरू महाराज का यह मंदिर करीब 150 वर्ष पुराना है और कई पीढ़ियों से क्षेत्र की आस्था का केंद्र रहा है। श्रद्धालुओं का कहना है कि चौड़ीकरण कार्य से पहले प्रशासन को मंदिर के स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए थी। हालांकि, गनीमत यह रही कि मूर्ति पर दीवार आकर टिक गई, जिससे मूर्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ।

रहवासी रोहित और अमय शर्मा ने मांग की कि जिस प्रकार अन्य धार्मिक स्थलों का विधिवत स्थानांतरण किया जा रहा है, उसी प्रकार भैरू महाराज मंदिर का भी धार्मिक रीति-रिवाजों और पूजा-अर्चना के साथ स्थानांतरण किया जाए। क्षेत्रीय व्यापारियों ने भी प्रशासन से अपील की कि वे चौड़ीकरण कार्य में सहयोग कर रहे हैं, लेकिन धार्मिक स्थलों के मामले में अधिक सावधानी बरती जानी चाहिए।

मौके पर पहुंचे नगर निगम के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर हिमांशु गोयल ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान मंदिर के बगल वाले मकान को डिसमेंटल किया जा रहा था, जिसके कारण भैरू जी के मंदिर पर एक टुकड़ा गिर गया और छत क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने आश्वासन दिया कि तत्काल मंदिर के चारों ओर दीवार बनाकर उसे कवर किया जाएगा और यदि किसी ने जानबूझकर यह किया है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर