मप्र के मुख्यमंत्री मोहन यादव 61 के हुए, प्रधानमंत्री मोदी समेत वरिष्ठ नेताओं ने दी जन्मदिन की बधाई
भोपाल, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार (25 मार्च) को 61 वर्ष के हो गए हैं। उनके जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई दी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने शुभकामना संदेश में लिखा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मध्य प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए कई अहम पहल कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में प्रदेश निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन एवं आपके नेतृत्व में प्रदेश विकास और जनकल्याण के नए आयाम छू रहा है। प्रभु महाकाल आपको उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु प्रदान करें।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जन्मदिन पर हार्दिक बधाई एवं मंगलकामनाएं। ईश्वर से आपके स्वस्थ, सुदीर्घ और प्रफुल्लित जीवन की कामना करता हूं।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जन्मदिन शुभकामनाएं देते हुए ईश्वर से मुख्यमंत्री डॉ. यादव के उत्तम स्वास्थ्य और उन्हें दीर्घायु प्रदान करने की कामना की है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बधाई देते हुए एक्स पर लिखा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आपको जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करता हूं।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का जन्म 25 मार्च 1965 को उज्जैन में हुआ था और वो 61 साल के हो गए हैं। डॉ. मोहन यादव अपनी सादगी के लिए जाने जाते हैं। वे अपना जन्मदिन भी बेहद साधारण तरीके से मनाते हैं। उन्होंने बुधवार को अपने जन्म दिवस की शुरुआत गौ माता को ग्रास देकर, उन्हें दुलार कर की। इसके बाद उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास में सुबह 10 से 11:30 बजे तक आमजन और कार्यकर्ताओं का तांता लगा रहा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में 'बहनों की पाती: भैया के नाम अभिव्यक्ति' कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में डॉ. मोहन यादव को जन्मदिन की बधाई दी गई। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलन कर की। उसके बाद महिलाओं ने उन्हें कई तरह के उपहार भी दिए। कई ने उन्हें उनकी तस्वीरें भी भेंट की। उन्होंने दिव्यांग बच्चों को मुख्यमंत्री निवास आमंत्रित कर बच्चों का अभिवादन किया और उन्हें उपहार भेंट किए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अभिव्यक्ति कार्यक्रम के माध्यम से बहनों का स्नेह-आशीर्वाद हमारी सरकार को मिला है। सरकार के गठन के बाद ही बहनें इस तरह आशीर्वाद प्रदान कर रही हैं। आज भले ही मैं जन्मदिन की बधाई ले रहा हूं, लेकिन वास्तव में आज बहनों के आशीर्वाद का दिन है। मुख्यमंत्री ने बहनों से कहा कि आपका स्नेह-आशीर्वाद इसी तरह मिलता रहे। हम अलग से बहनों की पंचायत बुलाएंगे, जिसमें विस्तार से बात होगी। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। बहनों के आशीर्वाद से हमारा प्रदेश भी आगे बढ़ रहा है। परमात्मा करे इस पर किसी की नजर न लगे। मैं इस अवसर पर बहनों का आभार व्यक्त करता हूं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

