home page

मोदी रविवार को कर्नाटक और तेलंगाना दौरे पर रहेंगे, कई विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

 | 
मोदी रविवार को कर्नाटक और तेलंगाना दौरे पर रहेंगे, कई विकास परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन


नई दिल्ली, 09 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि वह 10 मई को कर्नाटक और तेलंगाना के दौरे पर रहेंगे, जहां वह विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे तथा करीब 9,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। मोदी हैदराबाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक रैली को भी संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह सुबह 11 बजे ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ संस्था की स्थापना के 45वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि संस्था समाज सेवा की भावना के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य कर रही है।

मोदी ने कहा कि इसके बाद वह दोपहर में हैदराबाद पहुंचेंगे, जहां सड़क, लॉजिस्टिक्स, वस्त्र, रेलवे और ऊर्जा समेत विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी लगभग 9,500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने बताया कि वह इसके बाद ‘सिंधु हॉस्पिटल’ को राष्ट्र को समर्पित करने के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि शाम को वह हैदराबाद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक रैली को संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा कि पहले भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और अब कांग्रेस के ‘कुशासन से परेशान तेलंगाना की जनता भाजपा की ओर उम्मीद से देख रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में भाजपा को मिल रहा बढ़ता समर्थन इस बात का संकेत है कि पार्टी तेलंगाना की पहली पसंद बन रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार