home page

प्रधानमंत्री ने झुंझुनूं हादसे पर जताया शोक, मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख की सहायता

 | 
प्रधानमंत्री ने झुंझुनूं हादसे पर जताया शोक, मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख की सहायता


नई दिल्ली, 02 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सड़क निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से आठ श्रमिकों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रधानमंत्री के हवाले से कहा कि झुंझुनूं में हुए हादसे में लोगों की मौत से वह बेहद दुखी हैं। उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। हादसे में घायल प्रत्येक व्यक्ति को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि झुंझुनूं जिले के छापोली गांव में सड़क निर्माण कार्य के दौरान बजरी मिलाने वाली मशीन के 11 हजार वोल्ट की उच्च क्षमता वाली बिजली लाइन के संपर्क में आने से यह हादसा हुआ। इसमें आठ श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा छापोली और कदमकुंड को जोड़ने वाली सामुदायिक सहभागिता से बनाई जा रही सड़क के निर्माण के दौरान हुआ। सभी मृतक स्थानीय निवासी बताए गए हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार