home page

मोदी ने स्विस राष्ट्रपति को भेंट की भारतीय चीज की तीन विशेष किस्में, कश्मीरी अखरोट पैनल भी दिया

 | 
मोदी ने स्विस राष्ट्रपति को भेंट की भारतीय चीज की तीन विशेष किस्में, कश्मीरी अखरोट पैनल भी दिया


नई दिल्ली, 05 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन को भारत में तैयार की गई चीज की तीन विशेष किस्में ‘गुलमर्ग’, ‘कोणार्क’ और ‘यूर’ भेंट की। इसके अलावा उन्होंने स्विस राष्ट्रपति को कश्मीर की पारंपरिक कला को दर्शाने वाला अखरोट की लकड़ी से बना हस्तनिर्मित दीवार पैनल भी उपहार में दिया।

‘गुलमर्ग’ फ्रांसीसी शैली का नरम और क्रीमी चीज है, जिसे पाश्चुरीकृत गाय के दूध से तैयार किया जाता है। इसे 2026 के ‘मुंडियल डू फ्रॉमाज डू ब्राजील’ में ‘सुपर गोल्ड’ सम्मान मिला है। ‘कोणार्क’ फ्रांसीसी टोम शैली का चीज है, जिसे 2023 में नॉर्वे में आयोजित ‘वर्ल्ड चीज अवार्ड्स’ में स्वर्ण और 2025 में स्विट्जरलैंड में रजत सम्मान मिला था।

‘यूर’ पर्वतीय शैली का चीज है, जिसे स्विस ग्रुईयर से प्रेरणा लेकर तैयार किया गया है। इसे करीब आठ से नौ महीने तक परिपक्व किया जाता है, जिससे इसमें मेवों, मिठास और जड़ी-बूटियों जैसे स्वाद विकसित होते हैं। इसकी अच्छी तरह पिघलने की विशेषता के कारण इसका इस्तेमाल फोंड्यू और ग्रिल किए जाने वाले व्यंजनों में भी किया जा सकता है।

स्विट्जरलैंड दुनिया भर में चीज की अपनी विविध किस्मों के लिए प्रसिद्ध है। ऐसे में भारतीय चीज की इन तीन विशेष किस्मों को भेंट करना भारत की समृद्ध और विकसित होती चीज निर्माण परंपरा की झलक पेश करता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने स्विस राष्ट्रपति की पत्नी को गुजरात की पारंपरिक कला एवं शिल्प को दर्शाने वाला कच्छी शॉल और सादेली बॉक्स भी भेंट किया। सूरत का सादेली बॉक्स बारीक ज्यामितीय डिजाइनों के लिए जाना जाता है, जबकि कच्छी शॉल अपनी पारंपरिक बुनाई और विशिष्ट ज्यामितीय रूपांकनों के लिए प्रसिद्ध है।

स्विस राष्ट्रपति को भेंट किए गए कश्मीरी अखरोट की लकड़ी के दीवार पैनल पर कश्मीर के पारंपरिक परिदृश्य, वनस्पतियों, मानव आकृतियों, घोड़ों, गाड़ियों और ग्रामीण जीवन के दृश्यों को हाथ से उकेरा गया है। यह कश्मीर की सदियों पुरानी लकड़ी पर नक्काशी की परंपरा और स्थानीय कारीगरों के कौशल को दर्शाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार