home page

प्रधानमंत्री ने 7.8 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि पर जताई खुशी, विदेशी यात्राओं और गैर-जरूरी सोना खरीद से बचने की अपील

 | 
प्रधानमंत्री ने 7.8 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि पर जताई खुशी, विदेशी यात्राओं और गैर-जरूरी सोना खरीद से बचने की अपील


नई दिल्ली, 01 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अप्रैल-जून 2026 तिमाही में भारत की अर्थव्यवस्था की 7.8 प्रतिशत वृद्धि पर देशवासियों को बधाई देते हुए मंगलवार को विकास की गति बनाए रखने के लिए आत्मनिर्भरता और स्वदेशी पर जोर देने की अपील की। उन्होंने लोगों से गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं, विदेश में शादियों और आवश्यकता नहीं होने पर सोना खरीदने से बचने का आग्रह किया।

प्रधानमंत्री ने इंस्टाग्राम पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि दुनिया युद्ध में डूबी हुई है। विश्व संकटों से घिरा हुआ है और सप्लाई चेन बाधित है बावजूद इसके भारत ने अच्छी प्रगति की है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के बाद से दुनिया में स्थिरता नहीं रही, लेकिन भारत ने अपनी नीतियों, इरादों और लोगों की ताकत के बल पर बेहतर प्रदर्शन किया है।

मोदी ने देश की तरक्की को लेकर निराशा फैलाने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। दूसरी तरफ देश के भीतर भी निराशा की गर्त में डूबे लोग चारों ओर ‘झूठ की गूंज’ फैलाने में लगे हैं। इस सब चुनौतियों के बावजूद भारत ने 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ हासिल की है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें अपनी विकास की गति को बनाए रखना है और इसके लिए हमें आत्मनिर्भर बनना होगा। उन्होंने देशवासियों से ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को और मजबूत करने तथा स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि विदेश यात्रा केवल घूमने-फिरने के लिए की जा रही है तो उससे बचना चाहिए। इसी तरह विदेश में शादी करने से भी बचना चाहिए। जब तक आवश्यक न हो, तब तक सोना भी नहीं खरीदना चाहिए।

मोदी ने कहा कि स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर जितना अधिक जोर दिया जाएगा, उतना ही भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने पर देश की युवा पीढ़ी को एक विकसित भारत सौंपने का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की प्रगति के बावजूद कुछ लोग नकारात्मकता और झूठ फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन भारत आगे बढ़ता रहा है। देश की मेहनत और सामूहिक प्रयास युवाओं के सपनों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

मोदी ने कहा कि आज की जा रही कोशिशों से देश के युवाओं की उम्मीदें पूरी होंगी। उन्होंने कहा कि हम आज अपनी कड़ी मेहनत से युवा पीढ़ी के सपने पूरे करेंगे। उन्होंने नागरिकों से भारत की आर्थिक तरक्की में योगदान देने की अपील भी की और कहा कि सरकार की नीतियां और इरादे सही दिशा में हैं। मोदी ने कहा कि हमारी नीति सही है, हमारा इरादा साफ़ है और आज 140 करोड़ देशवासियों की एकजुट ताकत देश को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार