उपचुनावों में भाजपा-राजग की जीत सुशासन के प्रति जनता के समर्थन का प्रमाण: मोदी
नई दिल्ली, 09 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम के नगांव लोकसभा क्षेत्र और पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम तथा रेजीनगर विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनावों में जीत के लिए भाजपा उम्मीदवारों को बधाई देते हुए शुक्रवार को कहा कि इन नतीजों से भाजपा-राजग के सुशासन के एजेंडे के प्रति जनता का जुड़ाव एक बार फिर जाहिर हुआ है।
मोदी ने पुडुचेरी के थट्टानचावडी विधानसभा क्षेत्र में जीत के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी दल ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) को भी बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में जनता के निरंतर समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया और भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह जनादेश जनता के कल्याण और उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के प्रयासों को और मजबूती देगा। मोदी ने कहा कि भाजपा-राजग लोगों के उज्ज्वल और अधिक समृद्ध भविष्य के लिए लगातार काम करता रहेगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

