home page

प्रधानमंत्री मोदी रविवार को भूपेन हजारिका जन्मशती समारोह के समापन कार्यक्रम में होंगे शामिल

 | 
प्रधानमंत्री मोदी रविवार को भूपेन हजारिका जन्मशती समारोह के समापन कार्यक्रम में होंगे शामिल


नई दिल्ली, 28 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की जन्मशती समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे और इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से शनिवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री 29 नवंबर को शाम छह बजे भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। डॉ. भूपेन हजारिका की 100वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित वर्षभर के समारोहों का समापन इस कार्यक्रम के साथ होगा।

डॉ. भूपेन हजारिका का जन्म 8 सितंबर 1926 को असम के सादिया में हुआ था। उन्हें स्नेहपूर्वक ‘सुधाकंठ’ और ‘ब्रह्मपुत्र के कवि’ के नाम से याद किया जाता है। असम ही नहीं, देश के सांस्कृतिक इतिहास में उनका विशिष्ट स्थान है। वह महान गायक, संगीतकार, गीतकार, फिल्म निर्माता और लेखक थे। उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से आम लोगों की आकांक्षाओं, भावनाओं और जीवन के विभिन्न पहलुओं को स्वर दिया।

असम और पूर्वोत्तर की लोक परंपराओं से गहराई से जुड़े उनके संगीत ने भाषाई और भौगोलिक सीमाओं को पार करते हुए देश और दुनिया में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने पूर्वोत्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

संगीत और कला के क्षेत्र में योगदान के अलावा डॉ. हजारिका एक मानवतावादी और सामाजिक चिंतक भी थे। उनकी रचनाओं में समानता, मानवीय गरिमा, सामाजिक सद्भाव और सार्वभौमिक भाईचारे का संदेश प्रमुखता से दिखाई देता है। उन्होंने असम की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ ही देश की विविधतापूर्ण सांस्कृतिक विरासत को भी समृद्ध किया।

भारतीय संगीत, सिनेमा और संस्कृति में उनके असाधारण योगदान के लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया। इनमें दादासाहेब फाल्के पुरस्कार भी शामिल है। वर्ष 2019 में उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।

उल्लेखनीय है कि डॉ. भूपेन हजारिका की जन्मशती समारोहों की शुरुआत आठ सितंबर 2025 को हुई थी। इन आयोजनों के माध्यम से संगीत, साहित्य, सिनेमा और सामाजिक जीवन में उनके योगदान को याद करने के साथ ही उनके विचारों और मानवीय मूल्यों की प्रासंगिकता को रेखांकित किया गया। इन समारोहों में उनकी रचनात्मक प्रतिभा, मानवता, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे के संदेश को भी प्रमुखता से सामने लाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार