गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर प्रशासनिक महकमा मुस्तैद, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
अररिया, 25 फरवरी(हि.स.)। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिनों के सीमांचल दौरे के क्रम में गुरुवार को अररिया आ रहे हैं। जहां वे किशनगंज से 10:45 बजे हेलीपैड से प्रस्थान कर अररिया के सिकटी लेटी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सीमा चौकी पहुंचेंगे। 11:15 बजे विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। वहीं, गृह मंत्री का लेटी से अररिया समाहरणालय 12:50 बजे आगमन है।
गृह मंत्री समाहरणालय के परमान सभागार में 1.30 बजे सीमा से लगने वाले जिलों के डीएम और एसपी के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 3:45 बजे वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम कार्यान्वयन के संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। शाम 5.05 बजे अररिया हेलीपैड से पूर्णिया के लिए प्रस्थान करेंगे। जहां मेफेयर होटल में उनके विश्राम का कार्यक्रम है।
केंद्रीय गृहमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी (डीएम) विनोद दूहन और पुलिस अधीक्षक (एसपी) जितेन्द्र कुमार लगातार कार्यक्रम को लेकर मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
सिकटी के लेटी स्थित एसएसबी शिविर परिसर में व्यापक तैयारियों की उच्चस्तरीय बैठक कर समीक्षा की जा रही है। बैठक में दौरे की रूपरेखा, सुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था, आपातकालीन सेवाएं तथा विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों को लेकर फीडबैक लिया गया। विशेष सुरक्षा दल द्वारा प्रस्तावित हेलीपैड स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
गृह मंत्री के दौरे को लेकर एसएसबी के सीमांत मुख्यालय पटना के महानिरीक्षक निशिद कुमार उज्जवल एवं क्षेत्रीय मुख्यालय पूर्णिया के उपमहानिरीक्षक राजेश टिक्कू ने लेटी शिविर सहित विभिन्न सीमा चौकियों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल की तैनाती के निर्देश दिए। जिला स्तर पर भी सभी पदाधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। सड़क संपर्क मार्गों की मरम्मत, जांच चौकियों की सक्रियता, आवागमन नियंत्रण तथा आपातकालीन चिकित्सा व अग्निशमन सेवाओं की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
गृह मंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पहाड़ा चौक, कासत बाजार, सीमा सड़क स्थित लेटी मोड़ तथा हेलीपैड के समीप बांस से बैरिकेडिंग की जा रही है। प्रमुख मार्गों पर आवागमन को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
अधिकारियों ने सुरक्षा बलों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया है। विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
प्रशासन के अनुसार, यह दौरा सीमांचल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सीमावर्ती क्षेत्रों में विकास योजनाओं को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखते हुए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
----
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

