home page

महाराष्ट्र से राज्यसभा की 7 सीटों के लिए 7 उम्मीदवारों ने किया नामांकन

 | 

मुंबई, 05 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र से राज्यसभा की सात सीटों के लिए गुरुवार को सिर्फ 7 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। इससे महाराष्ट्र से राज्यसभा चुनाव निर्विरोध होने के पूरे आसार बन गए हैं, हालांकि इसकी घोषणा १६ मार्च को की जाएगी।

गुरुवार को राज्यसभा की 7 सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन था। आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से 4 उम्मीदवारों, केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले, वरिष्ठ भाजपा नेता विनोद तावड़े, माया ईवनाते और रामराव वडकुटे ने नामांकन किया। मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण उपस्थित थे।

इसी तरह शिवसेना शिंदे समूह की ओर से पार्टी की प्रवक्ता ज्योति वाघमारे ने नामांकन किया। मौके पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मंत्री प्रताप सरनाईक आदि उपस्थित थे।

इसी तरह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा एपी) के उम्मीदवार पार्थ अजीत पवार ने अपना नामांकन किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे आदि उपस्थित थे।

महाविकास आघाड़ी की ओर से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा एसपी) के उम्मीदवार पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार ने अपना नामांकन किया। शरद पवार की तबीयत ठीक नहीं है इसलिए विधानमंडल के अधिकारी मुंबई में शरद पवार के आवास पर जाकर नामांकन भरने के लिए जरुरी कागजपत्र और उनका हस्ताक्षर लिया। इसके बाद विधानभवन में आकर नामांकन की प्रक्रिया पूरी की गई। इस मौके पर सांसद सुप्रिया सुले, शिवसेना यूबीटी के प्रवक्ता संजय राऊत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल मौजूद थे।

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि वे दो उम्मीदवार मैदान में उतारने वाले थे लेकिन वरिष्ठ नेता शरद पवार की उम्मीदवारी को देखते हुए उन्होंने सिर्फ एक उम्मीदवार मैदान में उतारा है। उनका प्रयास इस चुनाव को निर्विरोध कराने का है।

चुनाव प्रक्रिया शुरु होते समय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि उनका प्रयास महाराष्ट्र से राज्यसभा चुनाव निर्विरोध होने का है, इसी वजह से सभी पार्टियों को अपने संख्याबल से नामांकन करना चाहिए। इससे आज राज्यसभा की 7 सीटों के लिए सिर्फ 7 उम्मीदवारों ने नामांकन किया है और नतीजा १६ मार्च को घोषित किया जाएगा।

------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव