पुणे जहरीली शराब कांड की जांच सीआईडी को सौंपी गई
- लोगों ने शराब की दुकान में की तोडफोड़
मुंबई, 29 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र के गृह विभाग ने शुक्रवार को पुणे जहरीली देशी शराब कांड की छानबीन क्राइम इनवेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (सीआईडी) को सौंप दिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले की गहन छानबीन का आदेश दिया है। पुणे में स्थानीय नागरिकों ने आज दोपहर में देशी जहरीली शराब की दुकान में तोड़फोड़ की है।
पुणे के पिंपरी-चिंचवाड़ शहर के फुगेवाड़ी और हडपसर इलाके के कालेपडल क्षेत्र में देशी जहरीली शराब पीने से करीब १३ लोगों की मौत का आरोप है। हालांकि पुलिस ने आठ लोगों के मौत की पुष्टि की है। इस घटना में पुलिस ने आज आठ लोगों को हिरासत में लिया था। पूछताछ के बाद इनमें से चार लोगों को पुणे जिला अदालत में पेश किया गया। पुणे जिला अदालत ने इन चारों आरोपितों को आठ जून तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। इस मामले की छानबीन पुणे पुलिस कर रही थी, लेकिन अब इसकी जांच सीआईडी की टीम करने वाली है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज मीडिया कर्मियों को बताया कि मैंने पिंपरी-चिंचवाड़ के पुलिस कमिश्नर से बात की है। पुलिस ने पहले ही पता लगा लिया है कि यह शराब कहाँ बनाई गई थी। इस मामले में आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया गया है। हो सकता है कि कुछ और लोग भी इसमें शामिल हों। पुलिस उन्हें ढूँढऩे की कोशिश कर रही है। जो लोग अस्पताल में भर्ती हैं, उन्हें बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। फडणवीस ने कहा, यह घटना बहुत गंभीर है। आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है और कुछ और लोगों को भी गिरफ़्तार किया जा सकता है। घटनाक्रम की पूरी कडिय़ों का पता लगाया जाएगा और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह एक तरह की हत्या है। आरोपियों के खिलाफ क़ानून के बहुत सख्त प्रावधान लगाए गए हैं।
राकांपा एसपी के विधायक रोहित पवार ने कहा कि ज़हरीली शराब पीने से गरीब लोगों की मौत हो जाती है, लेकिन व्यवस्था कुछ नहीं करती। आम लोगों की मौत के बाद भी प्रशासन चुप बैठा रहता है। ऐसा लगता है कि पुलिस किसी को बचाने की कोशिश कर रही है। रोहित पवार ने यह भी कहा कि पूर्व उप मुख्यमंत्री अजीत पवार की दुखद मौत के बाद भी प्रशासन मूकदर्शक बना है और अब भी प्रशासन की भूमिका मूकदर्शक की ही है। रोहित पवार ने कहा कि इस घटना में अब तक करीब १८ से ज्यादा गरीब लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन प्रशासन इन मौतों को छिपाने का प्रयास कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

