home page

गढ़चिरौली में माओवादियों के हथियारों का जखीरा ज़ब्त

 | 

मुंबई, 04 अगस्त, (हि.स.)। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में मंगलवार को गढ़चिरौली पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की ओर से महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर स्थित कुमनार जंगल क्षेत्र में किए गए संयुक्त तलाशी अभियान में कुल 14 हथियार, आईईडी समेत विस्फोटक सामग्री तथा अन्य सैन्य उपयोग का सामान बरामद किया है।

गढ़चिरौली पुलिस ने बताया कि इन हथियारों का इस्तेमाल सुरक्षा बलों पर घात लगाकर हमला करने के लिए किया जाना था। 'नक्सल सप्ताह' से पहले सुरक्षा बलों को मिले गोपनीय इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। यह सभी हथियारों का जखीरा माओवादियों ने कुमनार जंगल में ज़मीन के नीचे छिपाकर रखे थे।

पुलिस के मुताबिक, यह अभियान हाल ही में स्थापित बांगड़ी पुलिस सहायता केंद्र के अधिकार क्षेत्र में चलाया गया, जिसे सुरक्षा बलों की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। इस संयुक्त अभियान में गढ़चिरौली पुलिस, सी-60 कमांडो, सीआरपीएफ, स्पेशल ऑपरेशन्स स्क्वाड तथा बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड (बीडीडीएस) की टीमों ने हिस्सा लिया। कई समन्वित तलाशी अभियानों के दौरान हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक, डेटोनेटर, संचार उपकरण और आईईडी बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई।

प्रारंभिक जांच में सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि माओवादियों ने प्रतिबंधित संगठन द्वारा हर वर्ष मनाए जाने वाले 'नक्सल सप्ताह' के दौरान संभावित हमलों के लिए यह हथियार और विस्फोटक जमा कर रखे थे। यह कार्रवाई माओवादियों की गतिविधियों और जंगलों में छिपाए गए हथियारों के जखीरे संबंधी विशेष खुफिया सूचना के आधार पर की गई। बरामद सामग्री को जब्त कर लिया गया है, जबकि इलाके में अन्य संभावित हथियारों के जखीरे और माओवादी ठिकानों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव