मीठी नदी गाद निकासी घोटाला मामले में फिल्म अभिनेता डीनो मोरिया गिरफ्तार
मुंबई, 02 अक्टूबर (हि.स.)। फिल्म अभिनेता डीनो मोरिया को मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने शुक्रवार को मीठी नदी में गाद निकालने और सफाई के काम में कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जांच के दौरान मोरिया के वित्तीय लेन-देन और मुख्य आरोपित केतन कदम के साथ उनके कथित वित्तीय संबंध सामने आए थे। इस मामले की गहन छानबीन ईओडब्ल्यू कर टीम कर रही है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इससे पहले डीनो मोरिया और उनके भाई सैंटिनो मोरिया से कई घंटे पूछताछ की थी। जांच एजेंसी ने दोनों से जुड़े वित्तीय लेन-देन के दस्तावेज और बैंक खातों की जानकारी भी खंगाली गई है। इसके बाद मीठी नदी से गाद निकालने के काम में करीब 65 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय धोखाधड़ी होने का पता लगा है। इस मामले में मुंबई नगर निगम के कई ठेकेदार, बिचौलिए और अधिकारी जांच के दायरे में हैं। अब तक 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका है।
अब तक की जांच में डीनो मोरिया और केतन कदम के बीच 2018 से 2022 के दौरान हुए कुछ वित्तीय लेन-देन सामने आए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इन लेन-देन की रकम करीब 14 से 18 लाख रुपये के बीच थी। जांच में यह भी सामने आया कि कदम की ओर से 18 लाख रुपये मोरिया के भाई से जुड़ी एक कंपनी के बैंक खाते में स्थानांतरित किए गए थे। ईओडब्ल्यू इन लेन-देन और मीठी नदी परियोजना से उनके संभावित संबंधों की जांच कर रही है।
जांच एजेंसी के अनुसार, कुछ ठेकेदारों ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज और बढ़ा-चढ़ाकर बिल पेश कर नगर निगम से भुगतान हासिल किया। सिल्ट के परिवहन से संबंधित गलत जानकारी दिए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

