home page

आईआईटी बॉम्बे ने साहिल वाकोडे की मौत के बाद मिड-सेमेस्टर परीक्षाएँ टालीं, अब 10-11 अक्टूबर को होंगी

 | 
आईआईटी बॉम्बे ने साहिल वाकोडे की मौत के बाद मिड-सेमेस्टर परीक्षाएँ टालीं, अब 10-11 अक्टूबर को होंगी


मुंबई, 24 सितंबर (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे ने दूसरे वर्ष के बीटेक छात्र साहिल वाकोडे की मौत के बाद कैंपस में जारी विरोध-प्रदर्शनों के दौरान 26 और 27 सितंबर को होने वाली मिड-सेमेस्टर परीक्षाएँ स्थगित कर दी हैं। अब ये परीक्षाएँ 10 और 11 अक्टूबर को आयोजित की जाएंगी।

संस्थान के प्रवक्ता ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि यह फैसला छात्र प्रतिनिधियों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ चर्चा के बाद लिया गया। परीक्षा स्थगित करने का एक प्रमुख उद्देश्य नई गठित कमेटी को संदिग्ध एकेडमिक कदाचार के मामलों से निपटने वाले इनविजिलेटरों के लिए छात्र-केंद्रित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने का समय देना है। प्रस्तावित एसओपी में एकेडमिक कदाचार के आरोपों से जुड़े मामलों की जांच और कार्रवाई के लिए स्पष्ट और एक समान प्रक्रियाएं तय की जाएंगी।फैकल्टी सदस्यों ने भी ऐसे मामलों के विभिन्न चरणों को कवर करने वाली विस्तृत, चरण-दर-चरण गाइडलाइंस की आवश्यकता जताई है। प्रस्तावित एसओपी और संबंधित नियमों को लागू करने से पहले मंजूरी के लिए सीनेट के समक्ष रखा जाएगा।

उल्लेखनीय है कि 18 सितंबर को 22 वर्षीय साहिल वाकोडे मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़े गए थे। इसके बाद वाकोड़े ने इनविजिलेटर प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को अपना मोबाइल फोन उन्हें सौंप दिया। इसके बाद वह अपना सामान लेकर परीक्षा हॉल से बाहर निकलकर हॉस्टल में स्थित अपने कमरे में चले गए थे। इसके कुछ देर बाद वाकोड़े का मृत शरीर उनके कमरे में मिला था।

इस घटना के बाद वाकोड़े परिवार वालों ने वाकोड़े की मौत के लिए संस्थान प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया था और इस मामले में पवई पुलिस स्टेशन में एफआईआर भी दर्ज कराई है। इस मामले की जांच मुंबई क्राईम ब्रांच पुलिस कर रही है और संस्थान ने प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को अवकाश पर भेज दिया है। इसके बाद भी संस्थान परिसर में छात्रों का विरोध प्रदर्शन विभिन्न मांगों को लेकर जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव