home page

बिना अनुमति गर्जना मोर्चा निकालने पर आयोजक के खिलाफ केस दर्ज

 | 

मुंबई, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई के आजाद मैदान पर ठाकरे बंधुओं की ओर से रविवार को मुंबई में निकाले गए ‘गर्जना मोर्चा’ के आयोजक के खिलाफ आजाद मैदान पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मोर्चे के लिए निर्धारित अनुमति नहीं ली गई थी। इसी आधार पर आयोजक के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस मामले की छानबीन जारी है।

इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में निकाला गया गर्जना मोर्चा मेट्रो सिनेमा से शुरू होकर बीएमसी मुख्यालय तक पहुंचा था। मोर्चे में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए थे। इस दौरान राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे ने भाषण देते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया का विरोध किया था। मोर्चे के आयोजन को लेकर दिनभर अनुमति का मुद्दा चर्चा में रहा। जानकारी सामने आई कि मुंबई में आजाद मैदान को छोडक़र अन्य स्थानों पर इस तरह के मार्च के लिए अनुमति नहीं दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की है और सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर मोर्चे में शामिल लोगों की पहचान कर रही है।

ठाकरे बंधुओं के इस मोर्चे को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) समेत कई विपक्षी दलों ने समर्थन दिया था। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी दल लगातार विरोध जता रहे हैं। इसी क्रम में ठाकरे बंधुओं के मोर्चे में भी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर सरकार तथा चुनाव आयोग पर निशाना साधा गया।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव