महाराष्ट्र के भंडारा में ट्रक- बोलेरो की टक्कर में 9 लोगों की मौत, 9 घायल
मुंबई, 11 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के भंडारा जिले के लाखनी तहसील में पिंपलगांव के पास नागपुर-रायपुर हाइवे पर आज सुबह ट्रक और बोलेरो के बीच हुई टक्कर में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। हाइवे पुलिस के मुताबिक घायलों को भंडारा स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया। वहां से गंभीर रूप से घायलों को नागपुर रेफर किया गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ की कुछ महिलाएं और अन्य मजदूर बोलेरो से नागपुर की ओर जा रहे थे। लाखनी के पास पिंपलगांव इलाके में पेट्रोल पंप और भाऊचा ढाबा के नजदीक हाइवे के किनारे खड़े ट्रक से अचानक बोलेरो टकरा गई । इस घटना में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में छह महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं ।
इस घटना में घायल नौ लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही गड़ेगांव स्थित हाइवे पुलिस रिलीफ सेंटर के प्रमुख रवींद्र रेवतकर अपने सहयोगियों और भंडारा पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस और बचाव दल ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पीड़ितों की पहचान की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

