home page

(अपडेट)महाराष्ट्र के अमरावती अस्पताल हादसे की जांच के लिए सात सदस्यीय समिति गठित: स्वास्थ्य मंत्री

 | 
(अपडेट)महाराष्ट्र के अमरावती अस्पताल हादसे की जांच के लिए सात सदस्यीय समिति गठित: स्वास्थ्य मंत्री


मुंबई, 24 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि अमरावती के जिला महिला अस्पताल में लगी आग मामले की जांच के लिए सात सदस्यीय समिति गठित की गई है। इस समिति को जांच के लिए एक सप्ताह दिन का समय दिया गया है। जांच समिति की रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए गए लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने पीडित परिवारों को पांच लाख रुपये मदद की घोषणा की है।

स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आंबिटकर ने आज अमरावती जिला महिला अस्पताल में आग लगने के बाद अस्पताल का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि अस्पताल में आग लगने से तीन बच्चों की मौत हो गई है। यह घटना बहुत दुखद है। इस घटना की जांच के लिए राज्य के स्वास्थ्य आयुक्त संजय काटकर की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। यह समिति सात दिनों में पूरी जांच कर सरकार को रिपोर्ट सौंपेगी। यह समिति अस्पताल में हर ऐंगल से जांच करेगी। जांच रिपोर्ट के बाद जिसका दोष सामने आएगा, उसे बक्शा नहीं जाएगा।

आंबिटकर ने कहा कि इस घटना में जिन तीन बच्चों की मौत हुई है। मुख्यमंत्री ने उन परिवारों को पांच लाख रुपये मदद की घोषणा की है। साथ ही इस घटना में घायल नवजात बच्चों का इलाज सरकारी खर्च पर किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को तडक़े अमरावती जिले में स्थित जिला महिला अस्पताल के तीसरे मजले पर स्थित चाइल्ड वार्ड में अचानक आग लगने से तीन बच्चों की मौत हो गई और छह घायल हो गए। इस घटना के बाद सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने अस्पताल का दौरा किया और इस घटना की गहन छानबीन की मांग की थी। इसी मांग को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने मामले की जांच के लिए समिति गठित की है।

____________

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव