home page

महाराष्ट्र के रायगढ़ में बड़ा हादसा, समुद्र में डूबने से आठ छात्रों की मौत

 | 

मुंबई, 01 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के दिवेआगर में गुरुवार को समुद्र में नहाने गए आठ छात्रों की डूबने से मौत हो गई। सभी मृतक छात्र पुणे जिले के आलंदी स्थित विनर्स एकेडमी क्लासेस के थे और पिकनिक के लिए दिवे आगार गए थे। इस घटना की छानबीन जारी है।

तहसीलदार महेंद्र वाकलेकर ने बताया कि आज पुणे जिले के आलंदी में स्थित विनर्स एकेडमी की ओर से आयोजित पिकनिक में करीब 42 छात्र और छह शिक्षक शामिल हुए थे। सभी छात्र दिवेआगर घूमने आए थे। इसी दौरान आठ छात्र समुद्र में तैरने के लिए उतर गए। समुद्र की गहराई और तेज बहाव का अंदाजा नहीं होने के कारण वे डूब गए। स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीम ने तलाश अभियान चलाकर सभी आठ छात्रों के शव बरामद कर लिए। बरामद शवों को पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया लेकिन डॉकटरों ने आंठों छात्रों को मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच कर राहत और बचाव कार्य कर रहा है। इस घटना में मृतक छात्रों की पहचान तन्मय वाहिले, सुमित अहिरे,प्रणव बनसोढ़े, कैवल्य वारुणकर, राजवीर वाहिले, यश वानखेड़े , सोहम भांडवलकर और कौस्तुभ धौंड के रुप में की गई है।

स्थानीय रेस्क्यू टीम के अनुसार दिवेआगर में बाहर से आने वाले पर्यटकों और छात्रों को समुद्र में उतरने से पहले गहराई और मौसम की स्थिति को लेकर चेतावनी दी जाती है। मानसून के दौरान समुद्र में तेज लहरों और बदलती परिस्थितियों को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है ।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस घटना पर प्रशासन के साथ लगातार समन्वय कर रहा है।

महिला और बाल कल्याण मंत्री अदिति तटकरे ने घटना पर जानकारी लेते हुए बचाए गए छात्रों के उपचार के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से हादसे की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव