पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने दिल्ली में वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर की बैठक
नई दिल्ली, 28 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली में वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर सोमवार को पर्यावरण भवन में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा शामिल हुई।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि दिल्लीवासियों को स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण देना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण हमारे लिए किसी एक मौसम तक सीमित विषय नहीं है। सरकार पूरे वर्ष प्रदूषण के हर प्रमुख स्रोत पर प्रभावी कार्रवाई, विभागीय समन्वय और जमीनी स्तर पर कड़ी निगरानी के साथ निरंतर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठक में केंद्रीय मंत्री द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण सुझावों को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। वायु प्रदूषण के विरुद्ध हमारे प्रयासों में केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग दिल्ली को और मजबूती दे रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

