home page

प्रदर्शनों पर संयुक्त राष्ट्र निकाय की चयनात्मक प्रतिक्रिया बहुपक्षवाद पर विश्वास कम करती है: विदेश मंत्रालय

 | 
प्रदर्शनों पर संयुक्त राष्ट्र निकाय की चयनात्मक प्रतिक्रिया बहुपक्षवाद पर विश्वास कम करती है: विदेश मंत्रालय


नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (हि.स.)। भारत ने दिल्ली में हुए प्रदर्शनों को लेकर संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय (ओएचसीएचआर) की आलोचना को खारिज करते हुए इसे भारत के आंतरिक मामलों में अनुचित हस्तक्षेप बताया है। भारत का कहना है कि वैश्विक प्रदर्शनों पर संयुक्त राष्ट्र निकाय की अत्यधिक चयनात्मक प्रतिक्रिया बहुपक्षवाद पर विश्वास कम कर देगी।

दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन पर ओएचसीएचआर की गई टिप्पणी पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि ओएचसीएचआर की ओर से व्यक्त चिंताएं निराधार और अस्वीकार्य हैं। यह भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप के समान है। ऐसा लगता है कि उनका दृष्टिकोण अत्यधिक चयनात्मक है। संगठन ने दुनिया के अन्य हिस्सों में हो रहे विरोध प्रदर्शनों या कानून प्रवर्तन कार्रवाइयों पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

उन्होंने कहा, “यदि वे इसी राह पर चलते रहे, तो जाहिर है इससे बहुपक्षवाद में विश्वास कम होगा। साथ ही, इससे एक संगठन के रूप में उनकी विश्वसनीयता भी कम होती है।”

उल्लेखनीय है कि 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ एक प्रदर्शन आयोजित किया गया था। इसमें इस अभियान के कई कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए थे जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। इसी पर ओएचसीएचआर ने टिप्पणी की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा