home page

भारत ने सऊदी के साथ दिखाई एकजुटता, कहा- हमले अस्वीकार्य, तुरंत बंद हों

 | 
भारत ने सऊदी के साथ दिखाई एकजुटता, कहा- हमले अस्वीकार्य, तुरंत बंद हों


नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (हि.स.)। भारत ने सऊदी अरब के साथ एकजुटता दर्शाते हुए हुए एक बार फिर नागरिकों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों पर हमले की निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में दुर्भाग्यवश एक भारतीय नागरिक की मृत्यु हो गई और दो अन्य घायल हो गए।

विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि हम एक बार फिर दोहराते हैं कि नागरिकों और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों पर हमले पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं और इन्हें तत्काल बंद किया जाना चाहिए। मंत्रालय ने आशा जताई कि क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल होगी।

बयान में कहा गया है कि सऊदी अरब में नागरिक और ऊर्जा अवसंरचना पर लगातार हो रहे हमलों की कड़ी निंदा करते हैं, जिनमें 21 अक्टूबर को दम्माम में किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और पूर्वी प्रांत में सऊदी अरामको के शायबा तेल क्षेत्र पर हुआ हमला शामिल है। दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में दुर्भाग्यवश एक भारतीय नागरिक की मृत्यु हो गई और दो अन्य घायल हो गए। शैबाह तेल क्षेत्र पर हुए हमले में एक अन्य भारतीय नागरिक घायल हो गया।

मंत्रालय ने कहा, “हम शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।”

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा