home page

तुर्किये के राष्ट्रपति के यूएन में जम्मू-कश्मीर के संदर्भ को भारत ने किया खारिज

 | 
तुर्किये के राष्ट्रपति के यूएन में जम्मू-कश्मीर के संदर्भ को भारत ने किया खारिज


नई दिल्ली, 29 सितंबर (हि.स.)। विदेश मंत्रालय ने तुर्किये के राष्ट्रपति रजब तैयब इरदुगान के संयुक्त राष्ट्र महासभा में दिए गए भाषण में जम्मू और कश्मीर से जुड़े संदर्भों को खारिज किया है। विदेश मंत्रालय ने इन टिप्पणियों को अनुचित बताते हुए कहा है कि केंद्र शासित प्रदेश भारत की क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता का आंतरिक मामला है और इस पर किसी भी बाहरी पक्ष का कुछ कहने का अधिकार नहीं बनता।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को नियमित पत्रकार वार्ता में कहा, “भारत संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन के दौरान तुर्किये के राष्ट्रपति द्वारा जम्मू और कश्मीर के भारतीय केंद्र शासित प्रदेश के संदर्भों को खारिज करता है। यह भारत की क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता से संबंधित मामला है और इस मुद्दे पर किसी तीसरे पक्ष को कुछ कहने का कोई अधिकार नहीं है।”

वहीं एक अन्य प्रश्न के उत्तर में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के विदेश मंत्रियों की बैठक हुई। बैठक के बाद तीनों देशों ने एक बयान जारी किया है। यह एक संयुक्त बयान है जिसमें तीनों देशों के सामूहिक दृष्टिकोण को शामिल किया गया है। इसमें कई आर्थिक, विकासात्मक और कुछ राजनीतिक मुद्दों को उठाया गया है। जहां तक फिलिस्तीन पर भारत के अपने रुख का सवाल है, हम दो-राज्य समाधान के पक्षधर हैं, जिसके बारे में आप भली-भांति जानते हैं।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा