‘ऑपरेशन सिंदूर’ की वर्षगांठ पर विदेश मंत्रालय ने कहा, भारत को आतंकवाद के खिलाफ रक्षा का अधिकार
नई दिल्ली, 07 मई (हि.स.)। विदेश मंत्रालय ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की वर्षगांठ पर गुरुवार को कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद का सरकारी नीति के रूप में इस्तेमाल करता है। भारत को आतंकवाद से अपनी सुरक्षा करने का पूरा अधिकार है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि पूरी दुनिया ने पहलगाम आतंकवादी हमले की सच्चाई को देखा था। भारत ने उसका मुंहतोड़ उत्तर दिया। भारत को आतंकवाद से अपनी सुरक्षा करने का पूरा अधिकार है। हम आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने में लगातार संलग्न हैं।
विदेश मंत्रालय ने सिंधु जल समझौते के संबंध में पाकिस्तान की आपत्ति को खारिज करते हुए कहा कि इस संबंध में हमारी नीति लगातार एक जैसी रही है। पाकिस्तान की सीमापार आतंकवादी गतिविधियों के कारण यह संधि निलंबित है। पाकिस्तान को आतंकवाद का समर्थन करने की अपनी गतिविधियों को पूरी तरह रोकना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

