home page

संघ प्रमुख की अमेरिकी यात्रा पर टिप्पणी को लेकर भारत ने कहा, यूएससीआईआरएफ की कोई साख नहीं, नजरअंदाज करें

 | 
संघ प्रमुख की अमेरिकी यात्रा पर टिप्पणी को लेकर भारत ने कहा, यूएससीआईआरएफ की कोई साख नहीं, नजरअंदाज करें


नई दिल्ली, 21 अगस्त (हि.स.)। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को अमेरिकी संस्था ‘यूनाइटेड स्टेट्स कमीशन ऑन इंटरनेशनल रिलीजियस फ्रीडम’ (यूएससीआईआरएफ) की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करते हुए कहा है कि संस्था का भारत विरोधी प्रोपेगेंडा का इतिहास रहा है।

विदेश मंत्रालय का यह बयान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत की अमेरिकी यात्रा के संबंध में संस्था की ओर से की गई टिप्पणियों के संदर्भ में था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज कहा कि संस्था के बारे में सबको पता है। वह पक्षपाती है और कई सालों से भारत के बारे में उल्टी-सीधी बातें करती आई है। संस्था भारत के खिलाफ भड़काने वाली बातें भी करती रही है। उसकी कोई साख व विश्वसनीयता नहीं है। वे बस इतना कहना चाहेंगे कि हमें ऐसे संस्थानों से दूर रहना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि यूएससीआईआरएफ अमेरिका में धार्मिक स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दों पर रिपोर्ट और सिफारिशें देने वाली संस्था है। भारत सरकार इससे पहले भी उसकी कई रिपोर्टों और टिप्पणियों को पक्षपातपूर्ण बताते हुए अस्वीकार करती रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा