home page

विदेश मंत्रालय करेगा मानव संसाधन गतिशीलता मंच का आयोजन

 | 

नई दिल्ली, 24 जून (हि.स.) भारतीय कुशल एवं अर्द्ध कुशल कामगारों को विदेशों में रोजगार के लिए आसान आवाजाही सुलभ कराने के उद्देश्य से विदेश मंत्रालय अगले सप्ताह मानव संसाधन गतिशीलता मंच (ह्यूमन रिसोर्स मोबिलिटी फोरम) का आयोजन करने जा रहा है।

विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार 30 जून को होने वाले आयोजन में जर्मनी, इटली, जापान, रूस, डेनमार्क फोकस देश होंगे। मानव संसाधन गतिशीलता मंच के आयोजन का उद्देश्य उद्योग, विदेशी नियोक्ताओं को एक साथ लाना है।

एक सवाल के जवाब में अधिकारियों ने कहा कि मोबिलिटी समझौते ज्यादातर यूरोप के साथ हैं। वे शिक्षाविदों, छात्रों, प्रशिक्षुओं, नियमित पर्यटकों, व्यवसायों की आसान गतिशीलता की सुविधा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि इसका मकसद अवैध प्रवासियों की आसान वापसी के लिए एक तंत्र बनाना भी है।

पासपोर्ट सेवाओं के बारे में चर्चा करते हुए अधिकारियों ने बताया, वर्ष 2025 में 1.5 करोड़ पासपोर्ट एवं संबंधित सेवाएं वितरित कीं, जिनमें से अकेले पासपोर्ट 1.39 करोड़ थे।

उन्होंने बताया कि अब तक एक करोड़ 47 लाख चिप आधारित पासपोर्ट जारी हो चुके हैं। पासपोर्ट जारी करने की प्रक्रिया में सुधारों से अब देश में पासपोर्ट के लिए पुलिस सत्यापन को छोड़कर, औसतन छह कार्य दिवस लगते हैं। पीएसके और पीओपीएसके में एक व्यक्ति को 45 मिनट से भी कम समय लगता है।

अधिकारियों के अनुसार इस समय देश भर में 545 पासपोर्ट केंद्र काम कर रहे हैं जबकि 10 साल पहले 77 पासपोर्ट केंद्र मौजूद थे। पासपोर्ट केंद्रों की संख्या में छह गुना वृद्धि हुई है। इस समय करीब 30 लोकसभा क्षेत्रों में पासपोर्ट केन्द्र नहीं हैं। दो साल में ये संख्या 10 से कम रह जाएगी। उन्होंने कहा कि हमने पिछले साल 10 पीओपीएसके खोले थे और इस साल और 10 खोले जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पासपोर्ट सुधार के बाद अब विश्व में भारतीयों के लिए, वीजा मुक्त प्रवेश वाले देशों की संख्या 27 है, जो 2019 में 11 थी। उन्होंने कहा कि 47 देशों में भारतीयों के लिए आगमन पर वीजा सुविधा उपलब्ध है और 66 देश भारतीयों के लिए इलेक्ट्रॉनिक वीजा प्रदान करते हैं।

एक सवाल के जवाब में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के साथ पासपोर्ट संबंधी कोई डेटा लीक नहीं हुआ है। पासपोर्ट का सारा डेटा विदेश मंत्रालय के अधीन होता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया