home page

कैप्टन अजय पंत के वकीलों व परिवार के संपर्क में हैं भारतीय अधिकारी

 | 
कैप्टन अजय पंत के वकीलों व परिवार के संपर्क में हैं भारतीय अधिकारी


नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। भारत ने मंगलवार को कहा कि लंदन स्थित उच्चायोग के अधिकारी कैप्टन अजय पंत के वकीलों और परिवार के संपर्क में हैं। उच्चायोग ने उनकी कुशलक्षेम जानने और उनकी पत्नी की मुलाकातों की सुविधा के लिए कई बार राजनयिक दौरे किए, जिनमें से सबसे हालिया दौरा नवंबर की शुरुआत में हुआ था।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि भारत इस मामले पर ब्रिटेन के उच्चायोग और विदेश मंत्रालय के साथ राजनयिक बातचीत जारी रखे हुए है। वहीं, पंत की कानूनी टीम दिसंबर में होने वाले मुकदमे से पहले 11-13 नवंबर को होने वाली सुनवाई में टैंकर को रोकने की वैधता को चुनौती देने की तैयारी कर रही है।

अजय पंत पर आरोप है कि उन्होंने जहाज का संचालन करके रूस के खिलाफ लगाए गए ब्रिटिश प्रतिबंधों का उल्लंघन किया है। ब्रिटिश सेना ने इंग्लिश चैनल में टैंकर एमवी स्मिरटोस को रोका था। इस पर आरोप था कि यह रूसी कच्चे तेल ले जा रहे गुप्त बेड़े का हिस्सा है। भारतीय मर्चेंट नेवी अधिकारी कैप्टन अजय पंत 14 जून से ब्रिटेन की न्यायिक हिरासत में हैं। कैप्टन पर ब्रिटिश प्रतिबंधों का उल्लंघन करने का आरोप है और दोषी पाए जाने पर उन्हें 10 साल तक की सजा हो सकती है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा