दिल्ली के महापौर कार्यालय को बम से उड़ाने की फिर मिली धमकी
नई दिल्ली, 08 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली के महापौर कार्यालय को मंगलवार को एक बार फिर बम विस्फोट कर उड़ाने की धमकी मिली। महापौर कार्यालय ने तत्काल सुरक्षा एजेंसियों और दिल्ली पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद महापौर कार्यालय परिसर और आसपास के इलाकों की सघन तलाशी के लिए अभियान चलाया गया। यह नौवीं बार है जब महापौर कार्यालय को इस प्रकार की धमकी मिली है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक पुलिस एवं संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने महापौर कार्यालय परिसर की सघन तलाशी अभियान के दौरान प्रत्येक संवेदनशील क्षेत्र, प्रवेश एवं निकास द्वार तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की गहन जांच की। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित किया।
महापौर कार्यालय ने स्पष्ट किया कि यह पहली बार नहीं है जब इस प्रकार की धमकी प्राप्त हुई हो। इससे पूर्व भी आठ बार महापौर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। लगातार प्राप्त हो रही ऐसी धमकियों को अत्यंत गंभीर विषय मानते हुए महापौर कार्यालय द्वारा पूर्व में दिल्ली पुलिस आयुक्त को एक औपचारिक पत्र भी प्रेषित किया गया था, जिसमें इन घटनाओं की विस्तृत जांच कर दोषियों की पहचान करने तथा उनके विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया था।
महापौर कार्यालय ने कहा कि सार्वजनिक संस्थानों एवं संवैधानिक पदों से जुड़े कार्यालयों को बार-बार इस प्रकार की धमकियां मिलना चिंता का विषय है। ऐसे मामलों में दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई किया जाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की शरारतपूर्ण एवं भय उत्पन्न करने वाली घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

