home page

आकाश आनंद की बसपा में तीसरी वापसी, बने राष्ट्रीय संयोजक

 | 
आकाश आनंद की बसपा में तीसरी वापसी, बने राष्ट्रीय संयोजक


लखनऊ, 05 अक्टूबर (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने साेमवार काे एक बार फिर भतीजे आकाश आनंद को पार्टी में वापस लिया है तथा पार्टी में राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी है। आकाश आनंद की यह तीसरी बार वापसी है।

पूर्व मुख्यमंत्री व पार्टी की प्रमुख मायावती ने साेमवार काे एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पार्टी के लिए बाबा साहेब डा. आंबेडकर और कांशीराम के आदर्श हमेशा ही प्रेरणा के स्त्रोत रहे हैं, जिस पर चलकर ही पार्टी ने देश की राजनीति में काफी सफलताएं मिली है। प्रदेश में आगामी विधानसभा आम चुनाव को लेकर जबरदस्त तैयारी की जा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि ’बहुजन समाज’ ही मेरा विराट परिवार है और उनका हित व कल्याण मेरे लिये सर्वोपरि है और हमेशा ही रहेगा। इसी को मद्देनज़र रखते हुये ख़ासकर पार्टी में अनुशासन बनाये रखने के लिये ही अनेक सख्त फैसले लिए है। आगे कहा कि अशोक सिद्धार्थ को राजनीति से संन्यास लेने के लिए मजबूर भी होना पड़ा है। जिसके बाद से आकाश आनन्द के व्यक्तित्व व कार्यशैली आदि में काफी कुछ बदलाव भी देखने को मिले हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक्स पर किया गया उनका एक पोस्ट भी है, जिसकी काफी चर्चा भी है।

मायावती ने कहा कि इस संबंध पार्टी के अधिकांश लोगों का यही कहना है कि आकाश आनन्द के अनुरोध को स्वीकार करते हुये उनकी पूर्व की दी गई ज़िम्मेवारियों के साथ इनको पार्टी में पुनः कार्य करने का मौक़ा दिया जाये, जिसके लिए इनके पिता के साथ-साथ इनके छोटे भाई ईशान आनन्द ने भी अपनी सहमति जताई है। ईशान आनन्द ने कहा है कि वे बिना किसी पद के ही पार्टी में जो भी उनको कार्य सौंपे जायेंगे तो उसे वे अपनी पूरी ईमानदारी व निष्ठा से ज़रूर निभायेंगे।

मायावती ने कहा कि काफी सोच-विचार करने के बाद पार्टी व मूवमेन्ट के हित में आकाश आनन्द को पुनः बसपा का राष्ट्रीय संयोजक बनाकर इनको फिर से पार्टी में कार्य करने का मौक़ा दे रही है। उम्मीद है कि अशोक सिद्धार्थ द्वारा राजनीति सेे संन्यास लेने के बाद से अब पार्टी में सब कुछ ठीक व सुचारू ढंग से चलेगा और पार्टी संगठन में भी बार-बार परिवर्तन नहीं करना पड़ेगा, हालाँकि यह काफी कुछ आकाश आनन्द के ऊपर भी निर्भर करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक