home page

मणिपुर में व्यापक भारी मात्रा में हथियार-गोला-बारूद बरामद, केवाईकेएल उग्रवादी गिरफ्तार

 | 
मणिपुर में व्यापक भारी मात्रा में हथियार-गोला-बारूद बरामद, केवाईकेएल उग्रवादी गिरफ्तार


इंफाल, 21 मार्च (हि.स.)। मणिपुर के विभिन्न जिलों में शुक्रवार को सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए व्यापक तलाशी अभियानों में भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए गए। पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि इस दौरान एक प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन के सक्रिय सदस्य को भी गिरफ्तार किया गया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, थौबल जिले के खोंगजोम और नोंगपोक सेक्मई थाना क्षेत्रों के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर चलाए गए अभियानों में कई सिंगल बैरल बंदूकें, कार्बाइन, पिस्तौल, मोर्टार, हैंड ग्रेनेड और विभिन्न कैलिबर के जिंदा कारतूस बरामद किए गए। टेंथा मारोंगबंद और आसपास के इलाकों से भी अतिरिक्त हथियार और गोला-बारूद जब्त किए गए।

इंफाल पश्चिम जिले के लामदेंग और कामेंग क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने एक एसएलआर, मॉडिफाइड स्नाइपर राइफल, कई पिस्टल, बड़ी मात्रा में कारतूस, कैमोफ्लाज उपकरण और अन्य सामरिक सामग्री बरामद की, जिससे संगठित हथियार भंडारण की आशंका जताई जा रही है।

काकचिंग जिले के वाबागाई तुरेल मामेई क्षेत्र से आईएनएसएएस और एके-56 राइफल, ग्रेनेड, डेटोनेटर, ट्यूब लॉन्चिंग डिवाइस और संचार उपकरण बरामद किए गए।

तेंगनौपाल जिले में एसएल जौगाम, लोइसी और सैवोम गांवों के बीच के क्षेत्र तथा यांगौबुंग गांव के निकट अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास चलाए गए अभियानों में बड़ी संख्या में आईईडी, हथियार, ग्रेनेड और वायरलेस सेट जब्त किए गए। बरामद सभी आईईडी को सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मौके पर ही निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया गया।

इस बीच, मणिपुर पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन केवाईकेएल के एक सक्रिय सदस्य लाईश्रम अशोक मैतेई (42) को काकचिंग जिले से गिरफ्तार किया। उसके पास से एक .303 राइफल, जिंदा कारतूस और अन्य सामग्री बरामद की गई।

इंफाल पूर्व जिले के चाम्फाई पहाड़ी क्षेत्र, केइराओ वांगखेम और हुईत्रुबी इलाकों में भी चलाए गए अभियानों के दौरान देशी हथियार, राइफल, ग्रेनेड, स्मोक बम, कारतूस और संचार उपकरण बरामद किए गए।

अधिकारियों ने बताया कि इन लगातार अभियानों से राज्य में उग्रवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में मदद मिल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश