अहमदाबाद में पटाखा फैक्टरी में आग से 8 की मौत, कई घायल
अहमदाबाद, 18 जुलाई (हि.स.)। गुजरात के अहमदाबाद के वस्त्राल क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक पटाखा फैक्टरी में भीषण आग लग गयी। इस हादसे
में 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि 15 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां, एंबुलेंस, असलाली मिनी फाइटर, गजराज और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। संयुक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह राठौड़ ने आठ लोगों की मौत
की पुष्टि की है।
वस्त्राल क्षेत्र के रामोल-गटराड रोड स्थित महमूदपुरा इलाके में दोपहार को टैलेंट पटाखा फैक्टरी में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी भीषण थी कि उसने कुछ ही देर में पूरी फैक्टरी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और चीख पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे फायर
फाइटर की टीम और राहत व बचाव दल ने आठ लोगों के शवों के साथ घायलों त्वरित गति से फैक्टरी से बाहर निकाला। गंभीर घायलों में से 5 लोगों को एलजी अस्पताल और 4 लोगों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का भी उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही अहमदाबाद के मेयर और नगर आयुक्त भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
जांच में सामने आया है कि फैक्टरी का संचालन मेहुल डोडिया नामक व्यक्ति कर रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सेक्टर-2 के संयुक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि रामोल-गटराड रोड पर आरएएफ कैंप के पीछे खुले मैदान में शेड बनाकर मेहुल डोडिया पटाखा फैक्टरी चला रहा था। इस फैक्टरी का लाइसेंस पहले ही रद्द किया जा चुका था। इसके बावजूद यहां अवैध रूप से पटाखों का निर्माण जारी था।
उन्होंने बताया कि अब तक 8 शव बरामद किए जा चुके हैं। घटना की सूचना मिलते ही सबसे पहले आरएएफ की टीम, स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। रामोल पुलिस इस मामले में विस्फोटक अधिनियम तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

