home page

इतिहास के पन्नों में 01 मार्चः अमेरिका के परमाणु बम परीक्षण से हिल गई धरती

 | 
इतिहास के पन्नों में 01 मार्चः अमेरिका के परमाणु बम परीक्षण से हिल गई धरती


देश-दुनिया के इतिहास में 01 मार्च की तारीख का अहम स्थान है। दूसरे विश्व युद्ध में जब जापान के हिरोशिमा और नागासाकी पर परमाणु बम गिराए गए तो लगा था कि इनसान इन खतरनाक हथियारों से दूरी बना लेगा। मगर ऐसा नहीं हुआ। अमेरिका ने दूसरे विश्व युद्ध के बाद अगले दशक में बिकनी अटोल नाम की जगह पर दर्जनों परमाणु बम परीक्षण किए। इनमें से ही एक था 'कैसल ब्रावो' परीक्षण। यह अब तक का सबसे बड़ा अमेरिकी परमाणु परीक्षण है। इसे 1954 में 01 मार्च को किया गया था।

बिकिनी अटोल प्रशांत महासागर में एक कोरल आइलैंड है। इसका आकार अंगूठी जैसा है। इसमें 23 छोटे कोरल द्वीप हैं। यह हवाई और फिलीपींस के बीच स्थित है। परमाणु परीक्षण के बाद अटोल दुनिया की सबसे मशहूर जगहों से एक बन गया। एक फ्रांसीसी डिजाइनर ने तो इसके नाम पर एक स्विमिंग सूट का नाम तक रख दिया। ब्रावो से 150 लाख टन का धमाका हुआ। यह धमाका हिरोशिमा पर गिराए गए बम से हजार गुना ज्यादा बड़ा था। धमाके से करीब दो किलोमीटर चौड़ा छेद बन गया।

बिकनी से लगभग 160 किलोमीटर दूर के द्वीप पर जोरदार विस्फोट से जमीन हिलने लगी थी। कुछ घंटों बाद रेडियो एक्टिव पदार्थ लोगों पर, पीने के पानी में और भोजन पर गिरने लगा। विस्फोट के करीब के द्वीप के निवासियों को वहां से हटाया गया। 1964 में अमेरिका की सरकार ने माना कि उनकी गलती से द्वीप के लोग रेडिएशन के संपर्क में आए। इसकी भरपाई के लिए सरकार ने पीड़ितों को मुआवजा दिया। यूनेस्को ने 2010 में बिकिनी अटोल को विश्व धरोहर स्थल घोषित किया। उसने कहा कि यह साइट शीत युद्ध के जन्म और न्यूकलियर हथियार विकसित करने की होड़ का ठोस प्रमाण है।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1640ः ब्रिटेन को मद्रास में बिजनेस सेंटर बनाने की इजाजत मिली।

1775ः अंग्रेजी हुकूमत और नाना फडनवीस के बीच पुरंधर की संधि पर हस्ताक्षर।

1872ः अमेरिका में दुनिया का पहला राष्ट्रीय पार्क स्थापित किया गया। पश्चिमी अमेरिका में स्थित येलोस्टोन नेशनल पार्क को 1978 में यूनेस्को ने विश्व धरोहर का दर्जा दिया।

1919ः महात्मा गांधी ने रॉलट एक्ट के खिलाफ सत्याग्रह शुरू करने की इच्छा जाहिर की।

1962ः पाकिस्तान के राष्ट्रपति मोहम्मद अयूब खान ने नया संविधान अंगीकार करने का ऐलान किया, जिसमें देश में राष्ट्रपति के नेतृत्व वाली शासन प्रणाली की हिमायत की गई।

1969ः पहली सुपर फास्ट ट्रेन राजधानी एक्सप्रेस नई दिल्ली और कलकत्ता (अब कोलकाता) के बीच चलाई गई।

1973ः फिलीस्तीन के सशस्त्र समूह ब्लैक सैपटैंबर ने खारतूम में सऊदी अरब के दूतावास पर कब्जा कर लिया और वहां मौजूद राजनयिकों को बंधक बना लिया।

2003: पाकिस्तान में अधिकारियों ने खालिद शेख मोहम्मद को गिरफ्तार किया, जिसे अलकायदा का शीर्ष सदस्य माना जाता था और जिसने अमेरिका पर 2001 में 11 सितंबर को हुए आतंकी हमले की योजना बनाई थी।

2006: तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जार्ज डब्ल्यू बुश भारत की राजकीय यात्रा पर पहुंचे।

2007: अमूल्य नाथ शर्मा नेपाल के पहले बिशप बने।

2010: हॉकी विश्व कप के पहले मैच में भारत ने पाकिस्तान को 4-1 से मात दी।

जन्म

1917-प्रसिद्ध साहित्यकार करतार सिंह दुग्गल।

1951- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार।

1968 - भारतीय महिला भारोत्तोलक खिलाड़ी कुंजारानी देवी।

1983 - भारतीय महिला मुक्केबाज मैरी कॉम।

1992 - भारतीय पैरा एथलीट शरद कुमार।

1994ः कनाडा के गायक जस्टिन बीबर। बीबर ने छोटी उम्र में ही अपने गायन से दुनियाभर में अपने करोड़ों प्रशंसक बना लिए।

निधन

1914 - भारत के वाइसराय और गवर्नर-जनरल लॉर्ड मिंटो द्वितीय।

1974 -जापान के न्यायविद, क़ानून और राजनीति के प्रोफेसर कोतारो तनाका।

1988 - हिन्दी के प्रसिद्ध कवि सोहन लाल द्विवेदी।

1989 -कांग्रेस के प्रमुख वसंतदादा पाटिल।

2014 - भाजपा के पूर्व अध्यक्ष बंगारू लक्ष्मण।

2017- गुजराती साहित्यकार तारक मेहता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद