home page

अमेरिका में धोखाधड़ी केस में वांछित पंजाब का मंजीत सिंह बेदी जालंधर से गिरफ्तार

 | 
अमेरिका में धोखाधड़ी केस में वांछित पंजाब का मंजीत सिंह बेदी जालंधर से गिरफ्तार


- पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजंसियों को दी सूचना

जालंधर, 04 सितंबर (हि.स.)। पंजाब पुलिस ने अमेरिका में सरकारी सहायता योजना से जुड़े बहुचर्चित एसएनएपी फ्रॉड केस में वांछित भगोड़े आरोपित को जालंधर से गिरफ्तार किया है। इस संबंध में केंद्रीय एजंसियों को सूचित कर दिया गया है। आरोपित को जल्द ही अमेरिका की जांच एजेन्सी के हवाले किया जाएगा।

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने शुक्रवार शाम इसकी पुष्टि करते हुए गिरफ्तारी को अंतरराष्ट्रीय भगोड़ों और संगठित अपराध नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।

पुलिस के मुताबिक मूल रूप से पंजाब निवासी मंजीत सिंह बेदी अमेरिका में सरकार द्वारा चलाये जा रहे स्प्लिमेंटल न्यूट्रिशन असिस्टेंट प्रोग्राम (एसएनएपी) योजना से जुड़े कथित लाभ धोखाधड़ी मामले में वांछित था। उसे अमेरिका में मोस्ट वांटेड फ्रॉडस्टर्स की सूची में शामिल किए जाने की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार बेदी अप्रैल 2026 में कानून से बचने के लिए कनाडा के रास्ते भारत पहुंचा था। वह पंजाब में रहकर अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रहा था। पंजाब पुलिस की टीमों ने उसके नेटवर्क और गतिविधियों को ट्रेस किया, जिसके बाद जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे काबू कर लिया।

बताया जा रहा है कि बेदी वाशिंगटन के ताकोमा में ऐशियन ग्रॉसरी स्टोर के नाम से किराना दुकान चलाता था। उस पर एसएनएपी लाभार्थियों के इबीटी कार्ड के जरिए कथित तौर पर फर्जी लेन-देन करने के आरोप हैं। मामले में करीब 6 लाख डॉलर, यानी लगभग 5.3 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप भी सामने आया है।

आरोप है कि अदालत की शर्तों के बावजूद बेदी अमेरिका से कनाडा पहुंचा और बाद में भारत आ गया। इसके बाद 21 मई 2026 को उसके खिलाफ अमेरिकी अदालत की ओर से संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।

पंजाब पुलिस के अनुसार, अब बेदी के भारत में संपर्कों और गतिविधियों की जांच की जा रही है। साथ ही अमेरिकी एजेंसियों और संबंधित विभागों के साथ तालमेल कर आगे की कानूनी कार्रवाई और संभावित प्रत्यर्पण प्रक्रिया पर काम किया जाएगा।

डीजीपी ने कहा कि भगोड़ों और अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और सीमा पार कर कानून से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH