home page

मणिपुर में 60 किलो विस्फोटक संग भारी मात्रा में हथियार बरामद

 | 
मणिपुर में 60 किलो विस्फोटक संग भारी मात्रा में हथियार बरामद


इंफाल, 15 मार्च (हि.स.)। सुरक्षा बल मणिपुर में तलाशी अभियान चलाते हुए अवैध हथिरायों की बरामदी के साथ ही राज्य के संवेदनशील इलाकों में वाहनों की सुरक्षित आवाजाही को सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा मुहैया करा रहे हैं। इसी कड़ी में चुराचांदपुर जिले से सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार बरामद किया है।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय ने रविवार काे जारी बयान में बताया कि सुरक्षा बलों ने शनिवार को चुराचांदपुर जिला के हेंगलेप थानांतर्गत ओल्ड नबिल, थांगजिंग टॉप के पूर्व इलाके में अभियान चलाते हुए एक देसी रॉकेट, लगभग 7 फुट लंबा और जिसमें लगभग 60 किलोग्राम विस्फोटक था, एक देसी सिंगल बैरल बंदूक, सात 7.62 एमएम के खाली कारतूस, चार मैगज़ीन, एक मोर्टार बम और एक देसी मोर्टार/पंपी बरामद किया गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया है कि सुरक्षा बल ज़िलों के सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान और क्षेत्र पर नियंत्रण बनाए रखने का काम लगातार कर रहे हैं। मणिपुर के अलग-अलग ज़िलों में, पहाड़ों और घाटियों, दोनों जगहों पर शनिवार को कुल 115 नाके एवं चेक पॉइंट लगाए गए थे, लेकिन किसी को भी हिरासत में नहीं लिया गया।

इसी तरह सुरक्षा बलों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर ज़रूरी सामान ले जा रहे 271 वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की गई है। सभी संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं और वाहनों की सुरक्षित और बेरोकटोक आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील रास्तों पर सुरक्षा काफिला मुहैया कराया गया है।----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय