मणिपुर में दो उग्रवादी एवं तीन मादक पदार्थ तस्कर समेत पांच गिरफ्तार
इंफाल, 15 मार्च (हि.स.)। मणिपुर पुलिस ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में अभियान चलाते हुए प्रतिबंधित संगठन प्रीपाक (प्रो) एवं आरपीएफ/पीएलए के दो कैडरों के साथ ही एक अन्य अभियान में हथियारों के साथ तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है। सूत्रों ने दावा किया है कि तीनों का संबंध मादक पदार्थ तस्कर गिरोह हो सकता है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय से रविवार काे जारी बयान के अनुसार, शनिवार को सुरक्षा बलों ने पोरमपत थानांतर्गत वांगखेई एंड्रो पार्किंग इलाके से प्रतिबंधित संगठन प्रीपाक (प्रो) के एक सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान थियाम अथोई मैतेई उर्फ अथौबा (24) के रूप में हुई है। कैडर मूल रूप से इंफाल पूर्वी जिले के इरिलबुंग थानांतर्गत चानम सांड्रोक मयाई लेइकाई का रहने वाला है।
दूसरे अभियान में सुरक्षा बलों ने आरपीएफ/पीएलए की एक सक्रिय महिला कैडर को गिरफ्तार किया। यह महिला प्रतिबंधित संगठन के लिए सदस्यों की भर्ती करने में शामिल थी। गिरफ्तार महिला की पहचान खांगेम्बम (ओ) खुमंथेम औना देवी उर्फ इबेयाइमा (43) के रूप में हुई। महिला कैडर मूल रूप से विष्णुपुर जिले के कुम्बी इशिंग चाइबा लेइकाई की रहने वाली है। उसे इंफाल पूर्वी जिले के लामलाई थानांतर्गत सावोम्बुंग फॉरेस्ट गेट इलाके से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोबाइल फ़ोन ज़ब्त किया गया हैं।
इस बीच सुरक्षा बलों ने थौबल जिले के लिलोंग थानांतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-102 पर लिलोंग बाजार इलाके से तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान मो. अब्दुल गफार उर्फ थोई (22), मो. बोइचा (23) और केएच अकिप उर्फ अकी (23) के रूप में की गयी।
पुलिस ने गिरफ्तार व्यक्तियों के पास से एक 9 एमएम की पिस्तौल, मैगज़ीन के साथ, (सात राउंड 9 एमएम के ज़िंदा कारतूस, 494 ग्राम हेरोइन (ब्राउन शुगर), चार मोबाइल फ़ोन, और एक चार-पहिया हुंडई क्रेटा वाहन बरामद किया गया है। गिरफ्तार तीनों व्यक्तियों के संबंध में सुरक्षा बलों ने आशंका जतायी है कि ये सभी मादक पदार्थ के तस्कर हो सकते हैं। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

