home page

मणिपुर में केसीपी (पीडब्ल्यूजी) और केवाईकेएल के दो सक्रिय उग्रवादी गिरफ्तार

 | 
मणिपुर में केसीपी (पीडब्ल्यूजी) और केवाईकेएल के दो सक्रिय उग्रवादी गिरफ्तार


इम्फाल, 31 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए अलग-अलग कार्रवाई में केसीपी (पीडब्ल्यूजी) और केवाईकेएल के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को इम्फाल पश्चिम जिले के सिंगजामेई ओइनाम थिंगेल निवासी केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के सक्रिय कैडर खुंथोकलेम्बा ओइनाम (30) उर्फ लेम्बा को उसके इलाके से गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया है कि वह 28 जुलाई को सिंगजामेई के युमनाम लेइकाई स्थित एक मकान पर हैंड ग्रेनेड रखने की घटना में शामिल था।

एक अन्य कार्रवाई में 30 जुलाई को पुलिस ने केवाईकेएल के सक्रिय सदस्य एवं कथित रंगदारी वसूली में संलिप्त मंगखोम केशो कुमार सिंह (45) उर्फ इबुंगो को गिरफ्तार किया। वह इम्फाल पूर्व जिले के कोंगबा माखा नांदेइबाम लेइकाई का निवासी है। उसे इम्फाल पश्चिम जिले के लांफेल थाना क्षेत्र में स्थित रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (आरआईएमएस) के निकट से दबोचा गया।

मणिपुर पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है तथा उग्रवादी गतिविधियों और रंगदारी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश