home page

मणिपुर में एक उग्रवादी एवं मादक पदार्थ दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
मणिपुर में एक उग्रवादी एवं मादक पदार्थ दो तस्कर गिरफ्तार


इंफाल, 12 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर में उग्रवादियों एवं मादक पदार्थ तस्करों के विरूद्ध लगातार अभियान जारी है। इस कड़ी में एक उग्रवादी कि गिरफ्तारी के साथ ही दो अलग-अलग अभियानों में दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा साेमवार काे दी गयी जानकारी के अनुसार बीते 11 अक्टूबर को पक्की खुफिया जानकारी के आधार पर, सीडीओ-इंफाल ईस्ट की एक टीम ने पोरोमपट थानांतर्गत हट्टा जेएनआईएमएस रोड पर, मुस्लिम गर्ल्स हॉस्टल के पास नशीले पदार्थों के खिलाफ एक अभियान चलाया और क्वाक्ता टेरा खोंग मानिंग, बिष्णुपुर जिले के रहने वाले मो. अमजद खान उर्फ मुमु (29) को उसके किराए के घर से गिरफ्तार किया।

आरोपित के पास से बरामद सामग्रियों में दो प्लास्टिक की बोतलें जिनमें लगभग 62 ग्राम संदिग्ध हेरोइन नंबर 4 पाउडर था, 06 ट्रामाडोल कैप्सूल शामिल हैं। आरोपित ने बताया कि उसने चुराचांदपुर के एक ड्रग सप्लायर से हेरोइन खरीदी थी और वह इसे हट्टा, इंफाल ईस्ट और उसके आसपास के इलाकों में स्थानीय ड्रग इस्तेमाल करने वालों को बेच रहा था।

इसी दिन एक अन्य अभियान में खास जानकारी के आधार पर, सीडीओ-इंफाल वेस्ट की एक टीम ने पोरोमपट थानांतर्गत खुराई लमलोंग इलाके में तलाशी अभियान चलाया और उग्रवादी संगठन आरपीएफ/पीएलए के एक सक्रिय सदस्य रॉकी पुखरामबम (20) उर्फ केइफा को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि बीते 10 अक्टूबर को एक अभियान में सीडीओ-बिष्णुपुर और मोइरांग-थाना की एक संयुक्त टीम ने मोइरांग थानांतर्गत टिड्डिम रोड, ओक्षोबुंग पर तलाशी और चेकिंग के दौरान लगभग 3.5 किलो संदिग्ध ब्राउन शुगर ज़ब्त की। इस मामले में मो. अबीर खान (46) को गिरफ्तार किया गया। आरोपित के पास एक हीरो डेस्टिनी-125 टू-व्हीलर भी ज़ब्त किया गया।

पुलिस तीनों मामले में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर मामले में आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय