home page

मणिपुर के काकचिंग में भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और मिलिट्री-ग्रेड का सामान बरामद

 | 
मणिपुर के काकचिंग में भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और मिलिट्री-ग्रेड का सामान बरामद


इंफाल, 13 जून (हि.स.)। मणिपुर के काकचिंग ज़िले में एक अभियान के दौरान असम राइफल्स और थौबल पुलिस कमांडो ने भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और मिलिट्री-ग्रेड का सामान बरामद किया। इससे इलाके में सक्रिय विद्रोही नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय ने शनिवार काे आधिकारिक बयान में बताया कि यह अभियान खास खुफिया जानकारी के आधार पर काकचिंग ज़िले के पूर्णाहेतुपोकपी इलाके में चलाया गया। सुरक्षा बलों ने अमेरिका में बनी .32 पिस्तौल और उसके चार राउंड कारतूस, दो सिंगल-बैरल ब्रीच-लोडिंग (एसबीबीएल) बंदूकें और दो डेटोनेटर शामिल थे। बरामद गोला-बारूद में एके-सीरीज़ के 17 राउंड, एसएलआर के 18 राउंड, .303 के 29 राउंड और इंसास के तीन राउंड शामिल थे। सुरक्षा कर्मियों ने एक स्ट्राइकर स्प्रिंग, दो टियर स्मोक शेल, केसीपी लोगो वाले 12 स्टिकर और एक बाइपॉड भी बरामद किया।

इसके अलावा, संयुक्त टीम ने बड़ी मात्रा में मिलिट्री का सामान भी बरामद किया, जिसमें 12 बुलेटप्रूफ प्लेट, दो बुलेटप्रूफ फाइबर प्लेट, दो हेलमेट और एक बुलेटप्रूफ जैकेट शामिल हैं। वहीं 60 कॉम्बैट शर्ट, 57 कॉम्बैट पैंट, दो कॉम्बैट जैकेट, 18 कॉम्बैट कैप, आठ जोड़ी कॉम्बैट जूते, 23 कॉम्बैट बेल्ट और एक एमपी-5 स्लिंग भी शामिल थी।

अधिकारियों ने कहा कि यह बरामदगी संघर्ष से प्रभावित राज्य में विद्रोही गतिविधियों को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चल रही कोशिशों में एक बड़ी कामयाबी है। बरामद सभी हथियार, गोला-बारूद और मिलिट्री का सामान आगे की जांच और ज़रूरी कानूनी कार्रवाई के लिए हेइरोक पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है।

राज्य में शांति और स्थिरता बहाल करने की कोशिशों के बीच, सुरक्षा बलों ने हाल के महीनों में अवैध हथियार बरामद करने और उग्रवादियों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए पूरे मणिपुर में खुफिया जानकारी पर आधारित ऑपरेशन तेज़ कर दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय