बारामूला में नाका चेकिंग के दौरान दो हैंड ग्रेनेड बरामद, व्यक्ति गिरफ्तार
| Aug 28, 2026, 13:37 IST
बारामुला, 28 अगस्त (हि.स.)। उत्तरी कश्मीर के बारामूला ज़िले के कुंज़र इलाके में वुसान बांगिल में नाका चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति से दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए।
यह चेकिंग कुंज़र पुलिस स्टेशन, एसओजी कुंज़र, सीआरपीएफ 176 बटालियन और सेना की 2 राष्ट्रीय राइफल्स के जवानों की एक संयुक्त टीम कर रही थी। गाड़ियों और पैदल चलने वालों की चेकिंग के दौरान सुरक्षाकर्मियों को देखकर कुंज़र के हार्डू अबूरा निवासी शाकिर नबी लोन ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से कथित तौर पर दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए। बरामदगी के बाद कानून की संबंधित धाराओं के तहत कुंज़र पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई। मामले की आगे की जांच चल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

