home page

मालवीय नगर अग्निकांड में बांग्लादेशी महिला ने तोड़ा दम, मृतकों की संख्या 23 हुई

 | 

नई दिल्ली, 10 जून (हि.स.)। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी के फ्लोरिश स्टे बी एंड बी अग्निकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल बांग्लादेश की 38 वर्षीय महिला रिहाना की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह घटना के बाद से एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती थीं।

दक्षिणी जिले के पुलिस अधिकारी के अनुसार, 3 जून को हुए भीषण अग्निकांड के दौरान जान बचाने के प्रयास में रिहाना होटल की ऊपरी मंजिल से कूद गई थीं। इस दौरान उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। आग की घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक रिहाना इलाज के लिए बांग्लादेश से भारत आई थीं और फ्लोरिश स्टे बी एंड बी में ठहरी हुई थीं। हादसे के समय उनके परिवार के अन्य सदस्य भी होटल में मौजूद थे। परिवार के दो सदस्य इस घटना में घायल हुए थे और उनका इलाज अभी भी अस्पताल में चल रहा है।

उल्लेखनीय है कि 3 जून को हौज रानी स्थित फ्लोरिश स्टे बी एंड बी में लगी आग राजधानी के हालिया वर्षों की सबसे भीषण अग्नि दुर्घटनाओं में शामिल रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोगों को बाहर निकलने का अवसर तक नहीं मिला। दमकल विभाग, पुलिस और अन्य बचाव एजेंसियों ने घंटों तक राहत एवं बचाव अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया था।

इससे पहले भी हादसे में झुलसे एक नाइजीरियाई नागरिक की उपचार के दौरान मौत हो चुकी है। अब तक इस अग्निकांड में 23 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि एक अन्य घायल की हालत अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है।

उधर, अग्निकांड की जांच जारी है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां आग लगने के कारणों, सुरक्षा मानकों में संभावित लापरवाही तथा होटल प्रबंधन की जिम्मेदारी की पड़ताल कर रही हैं। इस दर्दनाक हादसे ने राजधानी में होटल और गेस्ट हाउसों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी