home page

मालवीय नगर अग्निकांड में एक और मौत, मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हुई

 | 

नई दिल्ली, 07 जून (हि.स.)। दक्षिणी दिल्ली के हौज रानी स्थित मालवीय नगर अग्निकांड में झुलसे एक और व्यक्ति की इलाज के दौरान शनिवार को मौत हो गई। इसके साथ ही इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। मृतक नाइजीरियाई नागरिक न्दुबुइसी फर्डिनेंड ओकेले था, जो घटना के बाद से अस्पताल में भर्ती था और उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी।

दक्षिणी जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि नाइजीरियाई नागरिक ने शनिवार देर रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वह मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टेज बीएंडबी में तीन जून को लगी भीषण आग में गंभीर रूप से झुलस गया था। घटना के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों की टीम लगातार उसका उपचार कर रही थी।

पुलिस के अनुसार, आग लगने की घटना में बड़ी संख्या में लोग झुलसे थे, जिनमें कई विदेशी नागरिक भी शामिल थे। न्दुबुइसी फर्डिनेंड ओकेले की हालत शुरू से ही नाजुक बनी हुई थी और वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर था। तमाम प्रयासों के बावजूद डॉक्टर उसे नहीं बचा सके।

तीन जून को मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में स्थित बीएंडबी में भीषण आग लग गई थी। आग तेजी से पूरी इमारत में फैल गई, जिससे वहां ठहरे कई लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। इस घटना ने राजधानी में गेस्ट हाउस, होटल और बीएंडबी की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे के बाद दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और अन्य एजेंसियां आग लगने के कारणों तथा सुरक्षा मानकों में हुई कथित लापरवाही की जांच कर रही हैं।

पुलिस पहले ही इस मामले में होटल मालिक और प्रबंधन से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि इमारत में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नाइजीरियाई नागरिक की मौत के बाद अब इस अग्निकांड में मरने वालों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है, जिससे यह हाल के वर्षों में दिल्ली के सबसे भीषण अग्निकांडों में से एक बन गया है। अभी तक इस मामले में पुलिस ने दो आरोपत मालिक लवकेश बजाज और कुक केशव को गिरफ्तार किया है। रविवार को पुलिस घटना पर कुक को लेकर गई थी।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी