home page

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने गुजरात वाले बयान पर खेद जताया

 | 

नई दिल्ली, 08 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हाल ही में गुजरात के लोगों पर दिए अपने बयान पर विवाद बढ़ने के बाद खेद जताया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। उनका उद्देश्य कभी भी गुजरात के लोगों की भावनाओं को आहत करने का नहीं था।

खरगे ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि कुछ समय पहले केरल में दिए उनके बयान की कुछ टिप्पणियों को जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद वह जिम्मेदारी के साथ खेद व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि उनके मन में गुजरात के लोगों के लिए हमेशा सर्वोच्च सम्मान रहा है। यह सम्मान आगे भी ऐसे ही रहेगा। उनका राज्य के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का उद्देश्य कभी भी नहीं था।

उल्लेखनीय है कि खरगे ने हाल ही में केरल के इडुक्की में चुनावी रैली में कहा था कि केरल के लोग ‘पढ़े-लिखे और समझदार’ हैं और उन्हें गुमराह नहीं किया जा सकता। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को संबोधित करते हुए कहा कि वह गुजरात और अन्य जगह के लोगों को मूर्ख बना सकते हैं, जो ‘अनपढ़’ हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर