देश में 11 हजार करोड़ की प्रोत्साहन योजना से निर्माण को मिलेगी नई ताकत, रोजगार के बढ़ेंगे अवसर: अनिल अग्रवाल
नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने कहा कि निर्माण और बुनियादी ढांचे से जुड़े उपकरणों के घरेलू विनिर्माण के लिए 11,000 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन योजना से ‘मेक इन इंडिया’ को नई ताकत मिलेगी। इससे आयात पर निर्भरता घटाने के साथ देश में रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकेंगे।
अग्रवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा एक पोस्ट में सरकार के इस कदम का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आयात से दूसरे देशों में रोजगार पैदा होता है, जबकि आयात के स्थान पर देश में ही उत्पादन करने से भारत में रोजगार के अवसर बनते हैं। भारत के पास एक्सकेवेटर, टनल बोरिंग मशीन और क्रेन जैसे उपकरणों के निर्माण के लिए जरूरी क्षमता और इंजीनियरिंग प्रतिभा मौजूद है। पावर उपकरण क्षेत्र का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र का आयात निर्माण उपकरणों के आयात से चार से पांच गुना अधिक है और यह क्षेत्र दोगुनी दर से बढ़ रहा है।
अग्रवाल ने बीईएमएल, बीएचईएल और एचएमटी जैसे सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की क्षमता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ये कंपनियां भारी उपकरणों के निर्माण में विशेषज्ञता रखती हैं और निजीकरण के बाद अपने मौजूदा उत्पादन से कम से कम 10 गुना अधिक उत्पादन कर सकती हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार इनका विनिवेश किसी निजी कंपनी को कर सकती है या इनके शेयर आम जनता को वितरित कर सकती है। इससे ये कंपनियां एलएंडटी की तरह निजी क्षेत्र की कंपनियों के समकक्ष बन सकती हैं।
उत्पादन बढ़ाने के लिए अग्रवाल ने तीन समानांतर माध्यमों का सुझाव दिया। इनमें मौजूदा निजी क्षेत्र, निजीकरण किए गए सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम और नवोन्मेषी स्टार्टअप शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यही रणनीति उन सभी क्षेत्रों में अपनाई जा सकती है, जहां भारत की आयात पर निर्भरता 50 प्रतिशत से अधिक है। अग्रवाल ने कहा कि इस पहल का व्यापक उद्देश्य देश के युवाओं, महिलाओं और सभी भारतीयों के लिए करोड़ों रोजगार के अवसर पैदा करना है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

