home page

टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित

 | 
टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित


-लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित

नई दिल्ली, 22 जुलाई (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा सदस्य कल्याण बनर्जी को बुधवार को संसद के मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए सदन से निलंबित कर दिया गया। उन पर असंसदीय भाषा के प्रयोग और महिला सांसदों पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगा है। कल्याण बनर्जी के खिलाफ प्रस्ताव पारित होने के बाद लोकसभा की कार्यवाही अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दी गई।

लोकसभा में दो बार सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद दोपहर दो बजे दोबारा कार्यवाही शुरु हुई। इस दौरान पीठासीन अधिकारी कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने महिला सदस्यों की ओर से अध्यक्ष ओम बिरला को मिली लिखित शिकायत की सदन को जानकारी दी। इसके बाद संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल की ओर से पेश किए गये प्रस्ताव को सदन ने शोर-शराबे के बीच ध्वनिमत से स्वीकार कर लिया।

पीठासीन अधिकारी तेन्नटी ने कहा कि कल्याण बनर्जी ने असंसदीय भाषा का प्रयोग किया है। उनके खिलाफ अध्यक्ष ओम बिरला को लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। यह सदन की गरिमा के खिलाफ है और आपत्तिजनक है और अध्यक्ष का मानना है कि उनपर कार्रवाई की जानी चाहिए।

अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि उन्होंने महिला सदस्यों के खिलाफ न केवल अभद्र टिप्पणी की बल्कि दुर्व्यवहार किया है। इसलिए उन्हें सत्र की शेष अवधि के लिए सदन की कार्यवाही से निलंबित कर देना चाहिए।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा