home page

राहुल गांधी और इंडी गठबंधन की असलियत देश देख रहा है : रेखा गुप्ता

 | 
राहुल गांधी और इंडी गठबंधन की असलियत देश देख रहा है : रेखा गुप्ता


नई दिल्ली, 01 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र के नाम पर अराजकता का मंच सजाने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी और इंडी गठबंधन की असलियत देश देख रहा है। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर की तारीख देश भूला नहीं है। 1984 में इसी दिन दिल्ली की सड़कों पर सिखों के नरसंहार का भयावह अध्याय लिखा जा रहा था। हजारों निर्दोष सिख परिवारों के जख्म आज भी हरे हैं और आज उसी तारीख को कांग्रेस रामलीला मैदान में लोकतंत्र बचाने का ढोंग कर रही है। यह राजनीतिक संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है।

मुख्यमंत्री ने रविवार को हरिनगर से तिलक नगर तक भारतीय जनता पार्टी की लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा के दौरान यह बाते कही।उन्होंने कहा कि त्योहारों के इस मौसम में जब दिल्ली के व्यापारी, छोटे दुकानदार और रेहड़ी-पटरी वाले अपने परिवारों की खुशहाली के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, तब कांग्रेस अपनी राजनीतिक नौटंकी से दिल्ली की रफ्तार रोकने और उनके कारोबार को नुकसान पहुंचाने पर तुली है।

उन्होंने कहा कि पहले झूठ फैलाओ, फिर जनादेश को बदनाम करो, सड़कों पर अराजकता का माहौल बनाओ और अपनी राजनीतिक हताशा की कीमत देश और दिल्ली की जनता से वसूलो। यही राहुल गांधी की राजनीति का मॉडल बन चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र की दुहाई देकर 1984 का कलंक नहीं मिटा सकती। न ही जनता द्वारा बार-बार नकारे जाने की हताशा में दिल्ली के व्यापारियों की रोजी-रोटी को दांव पर लगा सकती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी याद रखें, जनादेश से मिली हार का बदला देश से और अपनी राजनीतिक नाकामी की कीमत दिल्लीवालों से नहीं वसूली जा सकती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव