home page

(अपडेट) इंडी गठबंधन में भ्रष्टाचार करने वाले लोग इकट्ठा : अमित शाह

 | 
(अपडेट) इंडी गठबंधन में भ्रष्टाचार करने वाले लोग इकट्ठा : अमित शाह
(अपडेट) इंडी गठबंधन में भ्रष्टाचार करने वाले लोग इकट्ठा : अमित शाह


(अपडेट) इंडी गठबंधन में भ्रष्टाचार करने वाले लोग इकट्ठा : अमित शाह


(अपडेट) इंडी गठबंधन में भ्रष्टाचार करने वाले लोग इकट्ठा : अमित शाह


मेरठ, 03 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि यह चुनाव नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। मोदी ने गरीब, किसानों के उत्थान के लिए ढेरों काम किए हैं। इंडी गठबंधन पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि इस गठबंधन में भ्रष्टाचार करने वाले लोग इकट्ठा हो गए हैं। वे अपने परिवार के लोगों को मंत्री-मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं जबकि प्रधानमंत्री भ्रष्टाचारियों को जेल भेज रहे हैं।

जिले के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज शाहपुर में बुधवार को मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार डॉ. संजीव बालियान के समर्थन में केंद्रीय मंत्री शाह और रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने जनसभा की।

इस मौके पर अमित शाह ने कहा कि इस भूमि से चौधरी चरण सिंह ने किसानों की आवाज बुलंद की थी। मोदी ने गन्ने के लिए राष्ट्रीय नीति बनाकर ढेर सारे बदलाव किए। कांग्रेस की सरकार में गन्ने की एमआरपी 210 रुपये प्रति कुंटल थी,जबकि भाजपा सरकार में 340 रुपये कुंटल गन्ना मूल्य है। भाजपा सरकार ने किसानों को दो लाख 50 हजार करोड़ रुपये गन्ना मूल्य का भुगतान किया है। बसपा के शासन में 19 चीनी मिलें बंद हुई, सपा शासन में 10 चीनी मिलें बंद हुईं। भाजपा के शासन में 20 चीनी मिलें शुरू की गई और पांच नई चीनी मिलें बनाई गई। एथेनॉल की पॉलिसी बनाकर पेट्रोल में मिलाया जा रहा है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो रही है।

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस नेता 50 साल से अनुच्छेद 370 को संभाल कर बैठे थे, जबकि मोदी ने इसे समाप्त करके कश्मीर को भारत से जोड़ा। मोदी ने आतंकवाद को समाप्त किया है। सर्जिकल स्ट्राइक एवं एयर स्ट्राइक से पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों का सफाया किया। इंडी गठबंधन के दल कभी नहीं चाहते थे कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर बने। कांग्रेस ने 70 साल तक श्रीराम जन्मभूमि मामले को लटका कर रखा। मोदीजी ने भूमि पूजन भी किया और 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा भी कर दी। इंडी गठबंधन में भ्रष्टाचार करने वाले लोग इकट्ठा हुए हैं। 2017 में मोदी ने कहा था कि भ्रष्टाचार करने वाले जेल जाएंगे। 2024 में कह रहे हैं कि भ्रष्टाचार करने वाले जेल की सलाखों के पीछे जा रहे हैं।

रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि चौधरी अजित सिंह के लंबे राजनीतिक सफर में मुजफ्फरनगर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों का बहुत बड़ा योगदान है। वे देश की तस्वीर देखना चाहते थे। वे किसानों के लिए कार्य करने वाले चौधरी चरण सिंह का सम्मान देखना चाहते थे। चौधरी साहब को मिला भारत रत्न किसानों और कमेरों का है। किसानों और कमेरों का सम्मान रखने वाली भारत सरकार के लोग आपके बीच आए हैं। भाजपा के साथ रालोद के आने से अब कोई टक्कर नहीं बची है। कोई बहाना नहीं बचा है। जब भारत रत्न का निर्णय केंद्र सरकार ने लिया तो उन लोगों को कोई खुशी नहीं हुई, जिनके साथ हमने काम किया। वे लोग अपनी खुशी भी जाहिर नहीं कर पाए। उनके मन में विरोध में है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ मैं बोला नहीं हूं।

जयंत चौधरी ने कहा कि हमारी प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। मैं पलटा नहीं हूं। इसे पलटना नहीं कहते। पटखनी मारना कहते हैं। यहां के बच्चों में बहुत प्रतिभा है। इन प्रतिभाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। तीसरी बार सरकार बनने पर किसानों को लाभकारी मूल्य दिलाने का प्रयास करेंगे। किसानों की गिनती मुख्यधारा में लाने के प्रयास करेंगे। किसानों को गन्ने का मूल्य भी मिलेगा। जो सरकार चौधरी चरण सिंह को सम्मान दे सकती है, वे किसानों के हित में भी क्रांतिकारी फैसले लेगी। लोकदल के कार्यकर्ताओं से अपील है कि बड़ा दिल दिखाना होगा।

भाजपा उम्मीदवार डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि दस वर्ष की मोदी सरकार की यात्रा पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अंधेरे से उजाले में लाने की यात्रा है। मुझे 2014 भी याद है। जब ना बिजली, ना सड़क, ना पानी नहीं था। कानून-व्यवस्था की ऐसी हालत थी कि रात के अंधेरे में बहन-बेटी को छोड़ दो, कोई रास्ता बताने वाला भी नहीं मिलता था। गांव में 18 घंटे बिजली, शहर में 24 घंटे बिजली, नए नेशनल हाई-वे बन गया है। मोदी सरकार में मुजफ्फरनगर में सब कुछ बदल गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से चली यह पछुआ हवा चलने से कीड़े-मकोड़े मर जाते। पूर्वी उत्तर प्रदेश में जाते-जाते यह पछुआ हवा आंधी बन जाएंगी और उत्तर प्रदेश की 80 सीटें भाजपा प्रधानमंत्री मोदी की झोली में डलेगी। रालोद के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी, विधायक राजपाल बालियान, पूर्व विधायक उमेश मलिक, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप/राजेश/पवन