home page

उपराज्यपाल ने की आईजीआई हवाई अड्डे के संचालन और विस्तार योजनाओं की समीक्षा

 | 
उपराज्यपाल ने की आईजीआई हवाई अड्डे के संचालन और विस्तार योजनाओं की समीक्षा


नई दिल्ली, 09 मई (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शनिवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे का दौरा करते हुए यहां के संचालन और विस्तार योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्थिरता, नवाचार और यात्री-केंद्रित बुनियादी ढांचे पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप, वाणिज्य, पर्यटन और निवेश के वैश्विक केंद्र के रूप में राजधानी को मजबूत करने में दिल्ली के विश्व स्तरीय विमानन पारिस्थितिकी तंत्र की भूमिका पर प्रकाश डाला।

उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तकनीकी रूप से उन्नत विमानन क्षेत्र के दृष्टिकोण के अनुरूप दिल्ली हवाई अड्डे की परिचालन उत्कृष्टता और नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता देखकर बहुत खुशी हुई। उन्होंने कहा कि 'शून्य अपशिष्ट भूमि उपयोग' नीति और मजबूत जल संचयन संरचनाओं के कार्यान्वयन ने देश में सतत अवसंरचना के लिए एक सराहनीय मानक स्थापित किया है।

उपराज्यपाल ने दिल्ली में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय व्यवसायों को आकर्षित करने के लिए विश्व स्तरीय हवाई अड्डे और एयरोसिटी पारिस्थितिकी तंत्र का लाभ उठाने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे वाणिज्य, पर्यटन और निवेश के वैश्विक केंद्र के रूप में राजधानी की स्थिति और मजबूत होगी।

उपराज्यपाल ने दौरे के दौरान यहां यात्रियों से बातचीत करके यात्रा के दौरान हवाई अड्डे के अनुभव पर उनके दृष्टिकोण और प्रतिक्रिया जानी। उन्होंने विमान ध्वनि प्रदूषण को कम करके निवासियों के कल्याण के साथ तीव्र विकास को संतुलित करने के महत्व पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि हम एक ऐसे विमानन केंद्र को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो वैश्विक व्यापार का केंद्र होने के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति भी जिम्मेदार हो।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव