home page

पीएम स्वनिधि ‘स्ट्रीट फूड हब’ योजना के तहत पहले चयनित नगरों में शामिल हुआ लखनपुर

 | 
पीएम स्वनिधि ‘स्ट्रीट फूड हब’ योजना के तहत पहले चयनित नगरों में शामिल हुआ लखनपुर


नई दिल्ली, 11 जुलाई (हि.स.)। केन्द्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री स्वनिधि पहल के तहत जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के लखनपुर में ‘स्ट्रीट फूड हब’ स्थापित करने के प्रस्ताव को मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। शनिवार को जारी एक बयान में डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के विकास को दी जा रही उच्च प्राथमिकता का ही परिणाम है कि लखनपुर देश के पहले स्वीकृत नगरों में शामिल हुआ है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है, जब श्री अमरनाथ जी यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे हैं। नया स्ट्रीट फूड हब तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और लखनपुर के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने वाले अन्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय का भी धन्यवाद देते हुए कहा कि मंत्रालय ने लखनपुर के प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर देश के पहले स्वीकृत स्ट्रीट फूड हब की सूची में शामिल किया। उधमपुर संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले डॉ. सिंह ने कहा कि इस परियोजना की शीघ्र मंजूरी के लिए लगातार प्रयास किए गए, ताकि स्थानीय रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं, छोटे कारोबारियों और उद्यमियों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर को दी जा रही विशेष प्राथमिकता का एक और उदाहरण है।

उल्लेखनीय है कि

स्ट्रीट फूड हब पहल का उद्देश्य स्वच्छ, सुव्यवस्थित और विश्वस्तरीय वेंडिंग स्थल विकसित करना है, जहां भारत की समृद्ध और विविध खान-पान परंपरा को बढ़ावा देने के साथ-साथ रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं के लिए सम्मानजनक एवं टिकाऊ आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। इस पहल के तहत प्रमुख पर्यटन स्थलों को आकर्षक फूड स्ट्रीट के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां पर्यटक सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में स्थानीय व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे।

पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय देशभर में 50 तक स्ट्रीट फूड हब विकसित करने की योजना पर कार्य कर रहा है। इसके लिए पर्यटन क्षमता, सांस्कृतिक एवं विरासत महत्व, स्थानीय खाद्य परंपराओं तथा स्वदेश दर्शन, प्रसाद, यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल और यूनेस्को क्रिएटिव सिटीज़ जैसी योजनाओं से जुड़े शहरों और कस्बों को प्राथमिकता दी जा रही है।

प्रत्येक स्वीकृत परियोजना के लिए 4 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता तीन किश्तों में दी जाएगी। पहली किश्त में 30 प्रतिशत, दूसरी में 50 प्रतिशत और परियोजना पूर्ण होने पर शेष 20 प्रतिशत राशि जारी की जाएगी। इसके अतिरिक्त, जिन शहरों ने अपना स्ट्रीट वेंडिंग प्लान अधिसूचित कर दिया है, उन्हें 25 लाख रुपये का अतिरिक्त प्रोत्साहन भी मिलेगा।

इस पहल के तहत आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर अर्बन प्लानिंग तथा अमृत योजना के अंतर्गत स्थापित योजना केंद्रों के माध्यम से राज्यों और शहरी स्थानीय निकायों को तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। यह पहल आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, पर्यटन मंत्रालय तथा भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के समन्वित प्रयासों पर आधारित है।

मंत्रालय को इस योजना के लिए 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से 126 प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें 106 शहरी स्थानीय निकाय और 7 जनगणना नगर शामिल हैं।

लखनपुर में प्रस्तावित स्ट्रीट फूड हब का विकास लखनपुर बाजार के दो क्लस्टरों- एक पुराने बस अड्डे के निकट और दूसरा सेल्स टैक्स कार्यालय के पास- किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर के प्रवेश द्वार तथा पठानकोट और श्री माता वैष्णो देवी मार्ग पर स्थित होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक, तीर्थयात्री और अन्य यात्री आते हैं। लगभग 1,754.25 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित होने वाला यह हब आधुनिक वेंडिंग सुविधाओं से युक्त होगा तथा डोगरा व्यंजनों सहित स्थानीय खान-पान की समृद्ध परंपराओं को स्वच्छ, व्यवस्थित और पर्यटक-अनुकूल वातावरण में बढ़ावा देगा।

इस परियोजना से लखनपुर केवल एक पारगमन स्थल न रहकर क्षेत्र की समृद्ध खाद्य विरासत का प्रमुख पाक-पर्यटन केंद्र बन सकेगा। इससे स्थानीय रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को बेहतर आजीविका के अवसर मिलेंगे, उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा और जम्मू-कश्मीर के पर्यटन क्षेत्र को भी नई गति प्राप्त होगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी